लोक अदालत शिविर समाधान आपके द्वार में हुआ 10919 प्रकरणों का निराकरण

सीधी धर्मेंद : मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संजीव कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में दिनांक 24 फरवरी 2024 को ‘‘समाधान आपके द्वार‘‘ योजना अंतर्गत लोक अदालत शिविर का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत शिविर के माध्यम से सिविल एवं आपराधिक न्यायालयों तथा राजस्व न्यायालयों तथा वन विभाग के लंबित तथा पूर्ववाद प्रकरणों का निराकरण सुलह समझौते के द्वारा किया गया। इसके अंतर्गत विद्युत, राजस्व, वन विभाग एवं न्यायालयों में लंबित आपराधिक, दीवानी प्रकरणों का भी निराकरण किया गया। लोक अदालत शिविर समाधान आपके द्वार योजना अंतर्गत जिला एवं समस्त तहसील न्यायालयो में लंबित 20 प्रकरण, प्रिलिटिगेशन प्रकरणों में राजस्व के 776 प्रकरण, पुलिस विभाग के 9045 प्रकरण, वन विभाग के 233 प्रकरण, विद्युत विभाग के 740 प्रकरण तथा नगर पालिका के 98 प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। जिसमें कुल 18 लाख 73 हजार 42 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। जिसमें लाभांवित व्यक्तियों की संख्या 9667 रही। लोक अदालत शिविर समाधान आपके द्वार योजना अंतर्गत लाभार्थियों ने अपने द्वार पर ही अर्थात संबंधित विभाग जो उनके निकटतम है, वहां जाकर उन्होंने अपनी समस्या का निराकरण वहीं पर किया।
