चुरहट में विधायक अजय सिंह राहुल ने धूमधाम से मनाया बुढ़वा मंगल होली, नगरिया की थाप पर झूमे लोग


चुरहट। (विशेष प्रतिनिधि) चुरहट विधानसभा क्षेत्र में विधायक अजय सिंह राहुल ने अपने आवास पर बुढ़वा मंगल होली का भव्य आयोजन किया, जिसमें क्षेत्र की जनता, गणमान्य नागरिक, अन्य जिलों से आए पार्टी नेता, पत्रकार, और कलाकारों ने बड़ी संख्या में शिरकत की।


होली के इस खास मौके पर नगरिया की थाप गूंज उठी और विधायक अजय सिंह राहुल समेत सभी लोगों ने जमकर डांस किया। माहौल में रंगों की फुहार, ढोल-मंजीरों की गूंज और होली गीतों की धुन ने उत्सव का आनंद दोगुना कर दिया।

भव्य आयोजन में जुटी अपार भीड़
बुढ़वा मंगल की इस रंगारंग होली में लोगों का जोश देखते ही बनता था। चुरहट सहित आसपास के गांवों और अन्य जिलों से आए सैकड़ों लोगों ने विधायक अजय सिंह राहुल के साथ उत्सव मनाया। होली के पारंपरिक गीतों पर कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जबकि नगरिया की थाप पर विधायक समेत सभी लोग झूम उठे।

सद्भावना और भाईचारे का संदेश
विधायक अजय सिंह राहुल ने कहा, “होली सिर्फ रंगों का त्यौहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द्र और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। हम हर साल इसी उत्साह और उमंग के साथ बुढ़वा मंगल होली मनाते हैं, ताकि समाज में मेल-जोल और सद्भावना बनी रहे।”

खुशियों के रंगों में सराबोर चुरहट
पूरा चुरहट इस खास मौके पर होली के रंग में डूबा नजर आया। गुलाल और अबीर उड़ते ही लोगों में नया जोश देखने को मिला। हर ओर रंग, संगीत, और मस्ती का माहौल रहा।

इस शानदार आयोजन ने चुरहट की होली को और खास बना दिया, जहां विधायक अजय सिंह राहुल ने अपनी जनता के साथ मिलकर खुशियों के रंग बिखेरे।
