अविवादित नामांतरण और बंटवारा के प्रकरणों के निराकरण के लिए अभियान चलाएं कहा कलेक्टर ने

सीधी धर्मेंद : राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर साकेत मालवीय ने निर्देशित किया है कि पटवारी सहित समस्त राजस्व अधिकारी सप्ताह में दो दिवस मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्यालय में उपस्थित रहने का दिन तथा समय का कार्यालय में स्पष्ट रूप से उल्लेख रहेगा जिससे आमजन अपने कार्यों के लिए उस निर्धारित अवधि में भेंट कर सकेंगे। यदि कोई अधिकारी निर्धारित दिवस पर बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहेगा तो उसके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक राजस्व अधिकारी अपने भ्रमण डायरी भी प्रस्तुत करेंगे। कलेक्टर ने तहसील स्तर पर प्रत्येक सप्ताह पटवारियों के साथ निर्धारित एजेण्डानुसार बैठक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उसके कार्यवाही विवरण से जिला कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि अविवादित नामांतरण के 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह तथा 3 से 6 माह तक लंबित प्रकरणों को दो सप्ताह में निराकृत करने के लिए विशेष अभियान चलाएं। इसी प्रकार अविवादित बंटवारा के प्रकरणों का आगामी 15 दिनों में निराकरण करने के प्रयास किए जाएं। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित सीमांकन के प्रकरणों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना (धारणाधिकार), मुख्यमंत्री आवसीय भू-अधिकार योजना, स्वामित्व योजना आदि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर राजेश शाही, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, सिहावल एसपी मिश्रा, मझौली आरपी त्रिपाठी, चुरहट कमलेश कुमार पाण्डेय सहित समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
