जिले में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह का हुआ गरिमामय आयोजन

सीधी धर्मेंद : 1 नबम्बर को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 सीधी में आयोजित जिला स्तरीय मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह 2023 के मुख्य अतिथि कलेक्टर साकेत मालवीय ने ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि आज का दिन प्रदेश की वैभवशाली परंपराओं एवं स्मृतियों को ताजा करने तथा प्रदेश के विकास में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ योगदान करने का संकल्प लेने का दिन है। कलेक्टर ने कहा कि 01 नवंबर 1956 को मध्यप्रदेश राज्य का पुनर्गठन हुआ और हमारे प्रदेश का देश के हृदय प्रदेश के रूप में उद्भव हुआ। प्रदेशवासियों ने भारत देश के एक प्रमुख प्रदेश के रूप में मध्यप्रदेश को स्थापित किया है। देश की राजनैतिक, प्रशासनिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, धार्मिक उन्नति में प्रदेशवासियों ने अपना अमूल्य योगदान दिया है। कलेक्टर ने कहा कि प्रदेशवासी एक सशक्त मध्यप्रदेश और एक सशक्त भारत के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। मध्यप्रदेश ने विकास और प्रकृति के मध्य एक बेहतर संतुलन स्थापित किया है। यह पूरे देश के लिए एक मिशाल है। कलेक्टर ने आशा और विश्वास व्यक्त किया है कि सभी जिलेवासी प्रदेश और देश के विकास में अपना योगदान देते रहेंगे। इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित जनों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई तथा सभी वयस्क मतदाताओं से इस लोकतंत्र के उत्सव में सहभागिता करने तथा निर्भीक और स्वतंत्र रहकर विधानसभा निर्वाचन में 17 नवंबर को मतदान करने की अपील की। जिला 
स्तरीय मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह 2023 में गणेश सीनियर सेकेंड्री स्कूल पड़रा की छात्राओं तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीधी की छात्राओं द्वारा लोक संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए लोक नृत्य के माध्यम से लोगों को भावविभोर किया गया। माणिक पाण्डेय द्वारा तथा फणीन्द्र शेखर पाण्डेय के नेतृत्व में सीएम राइज शासकीय कन्या विद्यालय की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेश शाही, डिप्टी कलेक्टर कमलेश कुमार पाण्डेय सहित गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, शिक्षक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
