सेक्टर अधिकारियों तथा सेक्टर पुलिस अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ

0 136
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेक्टर अधिकारियों तथा सेक्टर पुलिस अधिकारियों को नियुक्त किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साकेत मालवीय तथा पुलिस अधीक्षक डाॅ. रवीन्द्र वर्मा की उपस्थिति में सेक्टर अधिकारियों तथा सेक्टर पुलिस अधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया। कलेक्टर साकेत मालवीय ने कहा कि निर्भीक, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र वातावरण में निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर अधिकारियों तथा सेक्टर पुलिस अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय एवं तालमेल आवश्यक है। सेक्टर अधिकारी तथा सेक्टर पुलिस अधिकारी अपने मतदान केन्द्रों का संयुक्त रूप से भ्रमण कर लें। मतदान केन्द्रों का सुरक्षा की दृष्टि से तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के संबंध में निरीक्षण कर लें। यदि मतदान केन्द्रों में किसी भी प्रकार का बदलाव किया जाना है तो तत्काल उसके संबंध में जानकारी निर्धारित प्रपत्र में कारणों का उल्लेख करते हुए उपलब्ध करायें। कलेक्टर ने कहा कि सेक्टर अधिकारियों तथा सेक्टर पुलिस अधिकारियों का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन सम्पन्न कराना है। इसके लिए संबंधित मतदान केन्द्रों में वल्नरेबल बसाहटों की पहचान करें। उनसे नियमित संवाद करें तथा भयरहित वातावरण निर्मित कर उन्हें मताधिकार के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि इस समय विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण की गतिविधियां चल रही हैं। नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु आवेदन लिए जा रहे हैं। स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं को नाम जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करें। पुलिस अधीक्षक डाॅ. रवीन्द्र वर्मा द्वारा वल्नरेबिलिटी मैपिंग के प्रावधानों तथा की जाने वाली कार्यवाहियों के विषय में विस्तार पूर्वक बताया गया। उन्होने कहा कि भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। इसमें सेक्टर अधिकारियों तथा सेक्टर पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करें। वहां विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कर वल्नरेबल बसाहटों की पहचान करें। ऐसी बसाहटों में निवासरत मतदाताओं का विश्वास निर्माण करें जिससे वे निर्भीक होकर अपने संवैधानिक मताधिकार का उपयोग कर सकें। पुलिस अधीक्षक ने जिले के अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरूद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे ने मैदानी स्तर पर कार्यरत अमले सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, प्राचार्य, शिक्षक, बीएलओ आदि से भी समन्वय बनाकर रखने को कहा है। ऐसा करने से सेक्टर अधिकारी सहजता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर पायेंगे। प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीलेश शर्मा सहित समस्त सेक्टर अधिकारी एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी उपस्थित रहें।

News TOP Footer