मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के फार्म भरने 25 मार्च से होगा शिविरों का आयोजन

सीधी धर्मेंद : कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर साकेत मालवीय ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के आवेदन पत्र 25 मार्च से भरे जाएंगे। आवेदन पत्र में आवश्यक जानकारी के साथ-साथ मुख्य रूप से समग्र आईडी का ई-केवाईसी द्वारा आधार से लिंक होना अनिवार्य होगा। जिले में लगभग 2 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित किया जाना है। योजना से हर महीने एक हजार रुपए की राशि महिलाओं के आधार सीडेड बैंक खाते में आएगी। कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों की संभावित संख्या के आधार पर ग्रामपंचायतों के मजरे, टोलों तथा नगरीय निकायों में वार्डों तथा बसाहटों में शिविरों का आयोजन करें। शिविरों की तिथियों तथा स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। कलेक्टर ने कहा कि तिथियों का निर्धारण करते समय इस बात का ध्यान रखें कि एक दिन में 60-70 फार्म ही भरे जा सकेंगे तथा हितग्राही का समग्र आईडी का ई-केवाईसी द्वारा आधार से लिंक होना अनिवार्य होगा।
