अध्यक्ष राज्य कोल जनजाति विकास प्राधिकरण रौतेल ने सड़क दुर्घटना के मृतकों के परिजनों से व्यक्त की संवेदना

सीधी धर्मेंद : 4 मार्च को प्रदेश के राज्य कोल जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के प्रतिनिधि के रूप में 24 फरवरी को मोहनिया टनल के पास हुई बस दुर्घटना के मृतकों के परिजनों से ग्राम पंचायत चोभरा दिग्विजय सिंह में भेंट कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की तथा पीड़ित परिवारों को जिंदगी को व्यवस्थित करने हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। श्री रौतेल ने कहा कि यह आकस्मिक दुर्घटना पीड़ित परिवारों तथा हम सभी के लिए बेहद दुःखद है। इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री इस कठिन समय में आपके साथ हैं और उन्होंने निर्देशित किया है कि आपके परिवार के भरण पोषण की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि इस दुःख के क्षण में मृतक व्यक्तियों के परिजन को 10 लाख रूपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2 लाख रूपये तथा सामान्य घायल के लिए 1 लाख रूपये का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री जी ने भी पीएमएनआरएफ से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की भी घोषणा की है। श्री रौतेल द्वारा पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया गया है कि सरकार द्वारा पूरे परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी ली गई। बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, उपचार, पोषण आदि में हर संभव सहायता दी जायेगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी परिवार के सतत संपर्क में रहकर उनकी देखरेख की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
