राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाएं कहा कलेक्टर साकेत मालवीय ने

0 103
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए है। कलेक्टर ने कहा कि मूल अभिलेखों के कारण लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें तथा मूल अभिलेखों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। इसी प्रकार पटवारी रिपोर्ट के कारण लंबित प्रकरणों की भी नियमित समीक्षा करते हुए समय सीमा में प्रतिवेदन प्राप्त किए जाएं। राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी न्यायालयीन कार्यों को प्राथमिकता दें। प्रकरणों की नियमित सुनवाई करें तथा सभी पक्षों को सुनवाई का पर्याप्त अवसर देते हुए प्रकरणों का निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि प्रकरणों को अनावश्यक लंबित नहीं रखा जाए। पीठासीन अधिकारी अपने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें। 06 माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए अभियान चलाएं। कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों के लिए नियत समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने प्रत्येक सप्ताह पटवारियों तथा राजस्व निरीक्षकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि बैठकों के माध्यम से पटवारियों तथा राजस्व निरीक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा न्यायालयों में लंबित प्रकरणों से संबंधित प्रतिवदेन प्राप्त करें। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण की जिम्मेदारी भी पटवारियों तथा राजस्व निरीक्षकों को सौंपी जाए। पटवारी हल्कावार शिकायतों को पटवारियों को देते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न माध्यमों में सार्वजनिक रास्तों में अतिक्रमण, शासकीय भूमियों पर अतिक्रमण की जानकारी प्राप्त हो रही है। ऐसे आवेदनों पर संबंधित तहसीलदार या उपखण्ड अधिकारी त्वरित निर्णय लेते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री मालवीय ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 के प्रावधानों के बेहतर उपयोग से लोक परिशांति भंग करने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, उपखण्ड अधिकारी मझौली सुरेश अग्रवाल, गोपदबनास नीलेश शर्मा, कुसमी आर.के. सिन्हा, चुरहट एसपी मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्रेयस गोखले सहित समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहें।

News TOP Footer