कलेक्टर ने विकासखंड मझौली के आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया

0 81
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 18 नवम्बर को जिले में योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के दृष्टिगत कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा विकासखंड मझौली के आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, उचित मूल्य दुकानों तथा निर्माणाधीन कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को भी योजनाओं के क्रियान्वयन की वस्तुस्तिथि जानने के लिए फील्ड का अधिक से अधिक भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि फील्ड का भ्रमण करने तथा हितग्राहियों से संवाद करने से योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक जानकारी प्राप्त होती है। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख अनिवार्य रूप से फील्ड का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों एवं समस्याओं को समझेंगे तथा उन्हें दूर करने की दिशा में सार्थक पहल करेंगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए वास्तविक हितग्राहियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि यदि उनके भ्रमण के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियोंध्कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा समदा में निर्माणाधीन अमृत सरोवर, पुष्कर धरोहर तालाब एवं गौशाला निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता तथा समयसीमा को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसके उपरांत कलेक्टर द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान दादर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। समय से दुकान नहीं खोलने पर विक्रेता को चेतावनी देते हुए दुकान के व्यवस्थित संचालन तथा हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न वितरण के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा ग्राम पंचायत दादर में आंगनवाड़ी केंद्र तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विद्यालयों के निर्धारित समय पर संचालन तथा शैक्षणिक गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने पोषण आहार एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री मालवीय ने विकासखंड मझौली के बेल्हा डैम प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए हैं। इसके उपरांत कलेक्टर द्वारा ग्राम पंचायत ठोंगा का अवलोकन किया गया। कलेक्टर द्वारा ठोंगा को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी सुरेश अग्रवाल तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मान सिंह सैयाम के साथ पौधरोपण भी किया। भ्रमण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

News TOP Footer