कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने दिए राजस्व विभाग के मूल कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश

0 82
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 13 अक्टूबर को राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान ने राजस्व अधिकारियों को विभाग के मूल कार्यों में ध्यान केन्द्रित कर उनमें प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सभी उपखण्ड अधिकारी तथा तहसीलदार अपने क्षेत्रान्तर्गत विभाग के मूल कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों के कार्यों में निगरानी रखते हुए लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अधिकतम प्रयास किए जाएं। उन्होने कहा कि वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट लिखते समय विभागीय मूल कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जावेगी। इनमें किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्री खान द्वारा राजस्व प्रकरणों के निराकरण की राजस्व न्यायालय वार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री खान द्वारा समस्त राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री खान द्वारा अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि के 6 माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने निर्देशित किया है कि सभी राजस्व अधिकारी अपने न्यायालयों में निर्धारित दिनों में सुनवाई करेंगें। सभी प्रकरणों को पेशी पर रखेगें तथा ऐसे प्रकरण जो पेशी पर नहीं हैं उन्हें पेशी पर लगाया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विभिन्न प्रकरणों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। राजस्व विभाग द्वारा जारी नवीन निर्देशों तथा व्यवस्थाओं के अंतर्गत कार्यवाही की जाए। विभाग द्वारा निर्धारित प्रारूप में ही आवेदन प्राप्त किए जाएं तथा संबंधित अधिकारियों से प्रतिवेदन भी निर्धारित प्रारूप में ही लिए जाएं। उक्त निर्देशों के अनुसार कार्यवाही से प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निराकरण किया जा सकेगा। कलेक्टर श्री खान द्वारा 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। चालू वर्ष के भू-राजस्व वसूली की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए 31 अक्टूबर तक शत प्रतिशत राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, उपखण्ड अधिकारी मझौली सुरेश अग्रवाल, चुरहट एसपी मिश्रा, गोपद बनास नीलेश कुमार शर्मा, सिहावल श्रेयस गोखले सहित समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहें।

News TOP Footer