गृह मंत्री करेंगे मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ली बैठक

सीधी धर्मेंद : प्रदेश के गृहमंत्री तथा जिले के मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के प्रभारी मंत्री डा. नरोत्तम मिश्र 29 सितम्बर को जिले के प्रवास में रहेंगे। गृहमंत्री डा. मिश्र द्वारा जिले में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के क्रियान्वयन तथा जिले के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे द्वारा सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों के संबंध में अद्यतन जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होने सभी अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए है। बैठक में अपर कलेक्टर बी.के. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
