मताधिकार हमारा अधिकार ही नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी भी है कहा जिला निर्वाचन अधिकारी मुजीबुर्रहमान खान ने

सीधी धर्मेंद : बारहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय के अटल ऑडोटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुजीबुर्रहमान खान द्वारा सभी उपस्थित मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया में निर्भीक होकर सहभागिता की शपथ दिलायी गयी। कार्यक्रम में नए मतदाताओं को इपिक कार्ड प्रदाय किए गए तथा निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले के नवीन मतदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि मताधिकार का अधिकार प्राप्त होने के साथ ही हमारी लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ती है। मतदाता होने पर हमें अपने लिए एक अच्छा जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है। हमें अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खान ने कहा कि प्रत्येक वोट से एक सशक्त लोकतंत्र का निर्माण होता है। हमारे संविधान निर्माताओं द्वारा देश के प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया गया है। हमें इस दिए गए अवसर का सदुपयोग कर योग्य जनप्रतिनिधियों का चुनाव करना चाहिए, जो जनहित से जुड़े मुद्दों को उचित प्लेटफार्म पर उठाएं। कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वे एक जिम्मेदार नागरिक बने और प्रत्येक निर्वाचन में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी के पाण्डेय द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का वाचन किया गया। कार्यक्रम में निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कृष्ण प्रकाश सिंह, द्वितीय स्थान पर साक्षी पाठक एवं तृतीय स्थान पर रेशू सिंह को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्रेयस गोखले, मास्टर ट्रेनर्स डॉ अरविंद त्रिपाठी, डॉ के बी सिंह, डॉ आर बी सिंह, तहसीलदार सौरभ मिश्रा, सीएमओ कमला कोल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, बीएलओ एवं नवीन मतदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. डी.के. द्विवेदी सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर लोक कलाकार सुरेंद्र कुमार शुक्ल द्वारा गीत के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया।
