मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से कोविड नियंत्रण के संबंध में दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा कोरोना संक्रमण रोकने तथा कोरोना पीड़ितों के उपचार के व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 18 जिलों में कोरोना के नए प्रकरण मिले हैं। हमारे पड़ोस में महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों में तेजी से इसका प्रसार हो रहा है। दिल्ली में भी कई प्रकरण रोज मिल रहे हैं। इनसे ही प्रदेश के महानगरों में संक्रमण की शुरूआत होती है जो तेजी से पूरे प्रदेश में फैलती है। पिछले दो वर्षों के अनुभवों के आधार पर कोरोना की तीसरी लहर को सीमित रखने के लिए सभी कलेक्टर अभी से प्रबंध करें। नाइट कर्फ्यू के संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क के अनिवार्य उपयोग, फिजिकल दूरी बनाए रखने तथा लगातार बड़ी संख्या में जांच पर विशेष ध्यान दें। नगरीय निकाय तथा पुलिस विभाग रोको टोको अभियान पुनरू शुरू करे। जिले की स्थिति के अनुसार आवश्यक प्रतिबंध लागू करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के उपचार के लिए आवश्यक प्रबंधों की तत्काल समीक्षा करें। सभी जिलों में बेडों की संख्या पर्याप्त रहे। ऑक्सीजन की नियमित आपूर्ति की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। कोरोना पीड़ितों के उपचार के लिए दवाओं उपकरणों तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों की भी कलेक्टर पूरी व्यवस्था करा लें। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान, पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई जे गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. एसबी खरे तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेंद्र बिहारी दुबे उपस्थित रहे।
