प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनान्तर्गत अन्न उत्सव का हुआ आयोजन

सीधी धर्मेंद : प्रदेश के साथ-साथ सीधी जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनान्तर्गत अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों तथा नोडल अधिकारियों की उपस्थिति मे पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना अंतर्गत 5 किलो निःशुल्क खाद्यान्न तथा मुख्यमंत्री अन्नपूर्णायोजना अंतर्गत 1 रूपये प्रति किलों के मान से पात्रतानुसार खाद्यान्न का वितरण किया गया। विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ल की उपस्थिति में ग्राम डेम्हा में अन्नउत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक श्री शुक्ल ने कहा कि हर गरीब को उसका हक गरिमामय ढंग से मिले इस लिये सरकार द्वारा अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। विधायक ने उपस्थिति अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दस्तावेजों की कमी के कारण जो भी हितग्राही लाभ से वंचित हैं उनके दस्तावेज पूर्ण कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाये। ये हमारी जिम्मेदारी है कि शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिले। विधायक ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। विधायक श्री शुक्ल ने कहा कि सरकार द्वारा कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए सतत रूप से कार्य किए जा रहें हैं। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद्य, कीटनाशक की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। सिंचाई की सुविधाओं में लगातार वृद्धि की जा रही है। इसी का परिणाम है कि आज हमारे यहां उत्पादन में बढोत्तरी हुई है। सरकार ने यह तय किया है कि कोई भी गरीब भूखा नहीं सोएगा। इसलिए पात्रता पर्ची के लिए पात्रता में वृद्धि की गई है। इसका लाभ सभी को मिले इस दिशा में कार्य किया जाये। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन नायब तहसीलदार दीपेन्द्र सिंह तिवारी द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में सरपंच बतसिया साकेत, धर्मेन्द्र सिंह परिहार, धर्मेन्द्र शुक्ला सहित गणमान्य नागरिक एवं हितग्राही उपस्थित रहें।
