जिले में कोरोना के निःशुल्क इलाज हेतु ‘मुख्यमंत्री कोविड उपचार योजना लागू

सीधी धर्मेंद : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान की पहल पर प्रदेश में कोरोना मरीजों के निःशुल्क इलाज के लिए नई योजना ‘‘मुख्यमंत्री कोविड-19 उपचार योजना‘‘ लागू की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रदेश के गरीब एवं आम आदमी को जहां तक मध्यम वर्गीय व्यक्ति को भी कोरोना का निःशुल्क इलाज अनुबंधित निजी अस्पतालों में मिल सकेगा। इस योजना के तहत आयुष्मान भारत योजना पर निजी अस्पतालों को राज्य सरकार द्वारा विशेष पैकेज दिया जाएगा। सरकार निजी अस्पतालों को कोविड इलाज के लिए अनुबंधित करेगी। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस व अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर्स को संबोधित कर योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को अपने अपने जिले में जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम बनाने तथा उसका फोन नम्बर प्रचारित करने के निर्देश दिए। सीधी जिले के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर रवींद्र कुमार चैधरी, अपर कलेक्टर हर्षल पंचोली, सीईओ जिला पंचायत आर के शुक्ला तथा सीएमएचओ डॉ. बी एल मिश्रा वीडियो कांफ्रेंसिंग में सम्मिलित हुए। प्रत्येक जिले के निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीजों को निःशुल्क इलाज मिल सके, इसके लिये जिला स्वास्थ्य समिति को अधिकृत किया गया है, जिसके अध्यक्ष कलेक्टर्स होते है। जिला कलेक्टर अपने जिले के निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अस्थाई रूप से संबद्ध कर सकेंगे। इससे इन सभी निजी अस्पतालों में, जहाँ वर्तमान में कोरोना का इलाज किया जा रहा है, आयुष्मान कार्ड धारियों को कोरोना का निःशुल्क इलाज मिल सकेगा।
