म. प्र. कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह ने अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले किसानों को खाद की समुचित व्यवस्था न किये जाने पर रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि जिले के किसान भाइयों को धान की खेती के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही है, किसान अपना किराया भाड़ा लगाकर दिन-दिन भर विपणन केंद्रों में खाद के इन्तजार में लाइन लगाए खड़े रहते हैं जिससे किसानों का समय बर्बाद हो रहा है, इसके बाबजूद भी उसे खाद नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण कृषि कार्य लेट होता जा रहा है| दूसरी ओर व्यापारियों द्वारा खाद की कालाबाजारी कर मंहगें दामों पर खाद बेचीं जा रही है|
महामंत्री श्री सिंह ने कहा कि आर्थिक रूप से टूट चुके किसानों के लिए मंहगें दामों पर यूरिया व खाद खरीद पाना संभव नहीं है| प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह अपने को किसान का बेटा बताते हैं लेकिन किसानो की समस्याओं से अनजान बने हुए हैं केवल दिखावे के लिए बैठकों में खाद की उपलब्धता करने की बात करते हैं लेकिन जमीनी हकीकत सब के सामने है। आज तक खाद की कालाबाजारी करने वाले व्यापारियों पर कोई भी कठोर कार्यवाही नहीं की गई| प्रदेश महामंत्री ज्ञान सिंह ने कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार अपनी सत्ता बचाने के लिए खेती पर ध्यान देने से ज्यादा उपचुनाव व राजनैतिक रैलियों में व्यस्त हैं उन्हें किसानो की कोई चिंता नहीं है| कृषि कार्य करने का एक निश्चित समय होता है यदि सही समय पर किसान को खाद व बीज नहीं मिला तो उसको खेती में हानि होना निश्चित है जिसकी जिम्मेदारी सरकार पर होगी| कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन से मांग की है कि एक सप्ताह के अंदर सभी किसान भाइयों को शासकीय मूल्य पर खाद उपलब्ध करवायी जाए अन्यथा कांग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्त्ता व प्रतिनिधि किसानो की समस्याओं को लेकर जिला व ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन कर सोयी हुई सरकार को जगाने का प्रयास करेंगें|