रंगकर्मी अशोक तिवारी की याद में शुरू हुआ “रंग अशोक”


सीधी:धर्मेंन्द्र
विन्ध्य क्षेत्र के चर्चित रंगकर्मी रहे स्व. अशोक तिवारी की स्मृति में उनकी पुण्यतिथि 6 अगस्त से उनके जन्मदिन 10 अगस्त तक रंगदूत द्वारा 5 दिवसीय वर्चुअल कला महोत्सव “रंग अशोक 2020” आयोजित किया जा रहा है । अशोक तिवारी मूलतः मध्यप्रदेश के सीधी ज़िले के रहने वाले थे । उन्होंने अपने रंगमंचीय जीवन की शुरुआत सीधी से ही की । बाद में उन्होंने भोपाल में प्रख्यात अभिनेता आलोक चटर्जी और बालेंदु सिंह के नाट्य दल में भी काम किया। भोपाल में स्वतंत्र रंगकर्म करने के बाद उन्होंने सीधी में अपने मित्रों के साथ मिलकर एकता नाट्य समिति का गठन किया। और 90 के दशक में माटीगाड़ी , सैंया भये कोतवाल , बारह सौ छब्बीस बटा सात , हरिश्चंद्र की लड़ाई , राजा का बाजा, जैसे सफल नाटक किए । स्व. अशोक तिवारी ने बहुत कम उम्र में राष्ट्रीय नाट्य प्रतियोगिता बरेली और बनारस में बेस्ट निर्देशक का पुरुस्कार जीता था। किन्तु बहुत सम्भावना से भरे इस प्रतिभावान रंगकर्मी को एक बीमारी की वजह से बहुत कम उम्र में इस संसार से विदा होना पड़ा। मध्यप्रदेश में सीधी ज़िला आज थियेटर हब के रूप में उभरा है । उसके मूल में अशोक तिवारी का रंगमंच है । उनकी स्मृति में पिछले वर्ष से रंगदूत नाट्य दल ने रंग अशोक नाम से समारोह पिछले वर्ष से आरंभ किया था । इस वर्ष कोविड 19 के चलते इस समारोह को वर्चुअल स्पेस में करने का निर्णय लिया गया । यह 6 अगस्त से 10 अगस्त तक रोज शाम 8 बजे रंगदूत के फेसबुक पेज पर लाइव आयोजित किया जाएगा । इसमें प्रमुख रूप से देशभर से अलग अलग विधाओं के करीब 25 कलाकार हिस्सा ले रहे हैं । इस समारोह में रंग वार्ता, कहानी पाठ , कविता पाठ , नाटय पाठ , रंग संगीत, सुगम संगीत , लोक संगीत की प्रस्तुतियां होंगी । 6-9 अगस्त तक आमंत्रित कलाकारों में सुशील शर्मा (दिल्ली), अजय श्रीवास्तव अज्जू (भोपाल), सादात भारती (कटनी), फणीन्द्रशेखर पांडेय (सीधी), तारा त्रिपाठी (रीवा), रविशंकर भारती (मुम्बई), अखिलेश त्रिपाठी (सीधी), सविता दाहिया (सतना), डॉ अभिषेक त्रिपाठी (रीवा), प्रकाश तिवारी मधुर (मुम्बई), मनोज मिश्रा (रीवा) , वीरेंद्र शर्मा (रीवा), आशुतोष मिश्रा (पटना), इदरीश खत्री (इंदौर), विशाल आचार्य (भोपाल), विपुल सिंह (रीवा), रोशनी प्रसाद मिश्रा (सीधी) प्रमुख होंगे । कार्यक्रम के मॉडरेटर शैलेन्द्र द्विवेदी, सुशील त्रिपाठी , जितेंद्रदेव पांडेय विद्यार्थी, धीरज सोनी होंगे । अंतिम दिन रंगदूत के कलाकारों रोशन अवधिया , श्रोती सिंह परिहार , सुनील कुमार रावत, जागृति गुप्ता , एवम अनंत मिश्रा द्वारा प्रसन्न सोनी लिखित नाटक “प्रेम पॉलिटिक्स” का पाठ किया जाएगा ।

