चुरहट थानांतर्गत ग्राम टीकट खुर्द में एक अधेड़ की लाश मिलने से पूरे चुरहट क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लाश लगभग प्रातः 6 बजे टीकट खुर्द से बहने वाली नहर में तैरकर ऊपर आ गई। नहर में लाश प्राप्त होने पर नहर के कर्मचारी द्वारा देखा गया और गाँव वालों की मदद से डायल 100 को कॉल कर के सूचित किया गया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर चुरहट थाना प्रभारी व उनकी टीम पहुँच गई। मृतक की लाश को पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मदद से नहर के बाहर निकलवाया गया।
पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार नहर के फाटक के पास मिली लाश रामदास कोल पिता कोलई कोल, उम्र 55 वर्ष की है। जो ग्राम गाजर पोस्ट मोहनिया का निवासी है। परिजनों के द्वारा बताया गया कि मृतक रामदास घर से लगभग 10 बजे चुरहट खाद लेने हेतु निकला था। जिसे शाम तक वापस आ जाना था। रात्रि तक मृतक के घर न पहुँचने की दशा में परिजन परेशान हो कर ढूढ़ने निकले, परन्तु कोई पता नहीं चला।
मृतक नहर में कैसे गया तथा उसकी मृत्यु कैसे हुई ? इसका कारण अभी तक अज्ञात है, पुलिस मर्ग कायम कर जाँच में जुटी हुई है।