जिला मुख्यालय सीधी से महज 17 किलोमीटर दूर स्थित बढौरा शिव मंदिर में श्रावण मास के चौथे सोमवार को शिव भक्तों की भीड़ उमड़ी, लेकिन कोरोना वायरस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रही। बता दें कि सुबह से ही सेमरिया चौकी प्रभारी शिवम द्विवेदी एवं चुरहट पुलिस, पुलिस लाइन सीधी से पुलिस वाले पहुंचकर लोगों को शिव मंदिर प्रांगण तक पहुंचने के पहले ही मेन गेट से ही रोक दिए।
सीधी जिला सहित प्रदेश भर में कोरोना बेतहाशा बढ़ रहा है इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने शिव मंदिर बढौरा के मेन गेट से ही लोगों को रोक दिया गया था, सेमरिया क्षेत्र के लोगों द्वारा चूल्ही रोड होते हुए शिव मंदिर पहुंच पाते कि इसके पहले नदी के पास जाली के माध्यम से बैरिकेटिंग की गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मौजूद रहा, जहां लोगों को शिव मंदिर प्रांगण तक नहीं पहुंचने दिया गया।
सावन मास के चौथे सोमवार को लेकर जिला सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के शिवभक्त मंदिर पहुंचे थे लेकिन कोरोना वायरस के कारण मंदिर परिसर तक नहीं पहुंच पाए जहां बाहर से ही श्रद्धालु मायूस होकर लौटे।
दुर्लभ हुआ बढ़ौरा नाथ का दर्शन
हमारे सेमरिया संवाददाता ने बताया कि भक्तों के माने तो पिछले सोमवार को मंदिर प्रांगण तक जाने दिया जाता था और गेट से ही शिव जी का दर्शन हो पाता था लेकिन इस बार मेन गेट एवं पुल से ही वापस लौटा दिया गया। पिछले सोमवार तक सोशल डिस्टेंस के साथ कथा मुंडन भी मंदिर प्रांगण में हो जाता था लेकिन इस बार कथा एवं मुंडन भी बढौरा मेन गेट से बाहर ही इधर-उधर संपन्न होते दिखा।