डॉक्टर स्टाफ नर्स तथा सहायक स्टाफ से राशि वसूली के आरोप
आर.बी.सिंह राज
प्रदेश में सरकार तो बदल गई लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं बदल पाई है। जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के बजाए सीएमएचओ ऑफिस में पदस्थ बाबू जमकर वसूली में लगे हैं। सीएमएचओ ऑफिस में डॉक्टर तथा स्टाफ नर्सों से रिनुअल करने के नाम पर जमकर वसूली की गई है। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
कोविड-19 के रूप में कोरोना कॉल के लिए भर्ती किए गए डॉक्टर स्टाफ नर्स तथा सहायक स्टाफ से सीएमएचओ ऑफिस में पदस्थ बाबुओं ने जमकर राशि वसूली है। नाम नहीं छापने की शर्त पर स्टाफ नर्स ने बताया कि 15 हजार से 25 हज़ार रुपये तक की राशि रिनुअल करने पर के नाम पर ली जा रही थी। वहीं जिसके पास पैसा नहीं है उसकी छुट्टी भी करने की धमकी दी जा रही थी।
वायरल ऑडियो में अपुष्ट तौर पर सीएमएचओ ऑफिस में पदस्थ विष्णु प्रताप सिंह पटेल, विनोद तिवारी तथा प्रकाश पांडे द्वारा चेंबर में बुलाकर रिनुअल करने के नाम पर राशि ली गई है।
पैसा नहीं मिलने पर करते थे प्रताड़ित
नाम नहीं छापने की शर्त पर स्टाफ नर्स ने बताया कि पैसा नहीं मिलने पर इन बाबुओं द्वारा संबंधित स्टाफ की छुट्टी कर देना तथा बहुत दूर पदस्थ करने की धमकी भी दी जा रही है। वहीं जिन लोगों ने पैसा नहीं दिए हैं उनका रामपुर, कुसमी तथा टमसार के लिए पदस्थापना कर दिए हैं। इसके बावजूद भी पैसा वसूलने के लिए कॉल करके घर में या ऑफिस में बुलाया जा रहा है। पूरे मामले को लेकर सीएमएचओ ने दोषियों को बर्खास्त करने तक की बात कही है।
कोविड-19 के स्वास्थ्य कर्मियों ने बातचीत में कहा कि अभी तक 4 महीने काम करते हो गये लेकिन टोटल 1 महीने की सैलरी आई है उसमें भी सीएमएचओ ऑफिस में पदस्थ बाबूओं द्वारा पैसा नहीं देने पर बाहर करने की धमकी दी जा रही है। बताया गया कि कुछ स्टाफ नर्सों के पास पैसा नहीं होने के कारण सामान गिरवी रख दूसरों से उधारी लेकर पैसा दिया गया है।
इनका कहना है
मैं इसके पहले भी कई बार सुन चुका हूं मुझे आप के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है। रिश्वतखोरी हो या लापरवाही सख्त कार्रवाई करूंगा और बर्खास्त करूंगा। मेरे कार्यकाल में यहां पर किसी की दलाली नहीं चलेगी।