अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन द्वारा प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपा गया।


कृतिका सीधी :
3 जुलाई को अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन द्वारा प्रदर्शन करके मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपा गया। सौपे गये ज्ञापन मे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कोरोना महामारी के बचाव कार्य में लगी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को सुरक्षा हेतु मास्क ग्लब्स सेनेटाइजर हैण्डबॉस गॉउन उपलब्ध नहीं कराये जा रहे हैं। ज्ञापन सौपने के दौरान संगठन की प्रदेश महासचिव श्रीमती विभा पाण्डेय एवं जिला संयोजक श्रीमती रानी द्विवेदी ने बताया कि देश के साथ प्रदेश में भी कोरोना महामारी के प्रकोप से बचाव के लिए शासन.प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे अभियान में आंगनबाड़ी कर्मियों की सेवाएं सुनिश्चित की गई है। इस अभियान में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम रही है। इससे कुपोषण के खिलाफ एवं स्वास्थ्य संबंधी अभियान केन्द्र होने से आंगनबाड़ी कर्मी के जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। वर्तमान गंभीर परिस्थिति मे प्रशासन के निर्देश के तहत आंगनबाड़ी कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर घर.घर जाकर अभियान चला रहे हैं लेकिन इस अभियान में आंगनबाड़ी कर्मियों की सुरक्षा के लिए उन्हे सुरक्षा संबंधी उपकरण उपलब्ध नहीं कराये जा रहे हैं जो चिंता का विषय है। उन्होने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मियों की अप्रैल 2020 से लेकर जून 2020 तक का मानदेय लंबित है जिससे मौजूद समय में वह अत्यंत कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। दूसरी ओर सरकार द्वारा 1 अक्टूबर 2018 से मानदेय मेंं की गई वृद्धि की 15 सौ रूपये की राशि का अभी तक आंगनबाड़ी कर्मियों को भुगतान नहीं किया गया है। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कर्मियों को सुरक्षा संबंधी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इन कर्मियों को नियमित कर कर्मचारी का दर्जा दिया जाये। शासकीय रिकार्ड रजिस्टर उपलब्ध कराया जाये। आईसीडीएस के अलावा अन्य विभाग के कार्य न कराया जाये। कर्मियों का काटा हुआ मानदेय वापस दिलाया जाये। बैठक व प्रशिक्षण आदि के लिए आने वाली कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को किराया भत्ता उपलब्ध कराया जाये। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित विशेष बीमा में जोखिम भरे इस अभियान में शामिल कर्मियों को भी जोड़ा जाये एवं रोके गये मानदेय को तुरंत दिलाये जाने की मांग की गई है। ज्ञापन सौपने के दौरान अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित रही हैं।

एनटीवी इंडिया न्यूज़
खबर जरा हट कर –
