कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी द्वारा गरीब कल्याण रोजगार अभियान की समीक्षा की गयी; क्या क्या दिए गए निर्देश


कृतिका सीधी :
कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चैधरी द्वारा गरीब कल्याण रोजगार अभियान की समीक्षा की गयी। उन्होने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने इस अभियान के दौरान कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मछली पालन आदि से जुड़ी गतिविधियों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से लोगों के आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। कलेक्टर श्री चैधरी ने कृषि विज्ञान केन्द्र को इस में अग्रणी बनते हुए कृषकों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उन्नत बीजों का प्रदर्शन तैयार करायें तथा किसानों को उसका अवलोकन कराकर उन्हें नवीन पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर श्री चैधरी ने समन्वित कृषि को बढ़ावा देने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि पशुपालन एवं उद्यानिकी को कृषि से जोड़ने पर कृषकों की आय में वृद्धि होगी तथा खेती की लागत में भी कमी आएगी। उन्होंने जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए नाडेफ और वर्मीकम्पोस्ट के यूनिट लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर श्री चैधरी ने निर्देशित किया है कि सभी संबंधित विभाग शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य योजना तैयार कर इनका प्रभावी क्रियान्वयन करें तथा प्रवासी श्रमिकों को उनके कौशल के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री चैधरी ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के होने चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने कहा कि यह अभियान 125 दिनों तक संचालित किए जायेंगे, इसलिए इस अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाना आवश्यक है। उल्लेखनीय है कि 20 जून 2020 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान सीधी सहित 6 राज्यों के 116 जिलों में चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना के विकास के साथ ही श्रमिकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। कोरोना महामारी के दौरान जिले में 31704 प्रवासी श्रमिक आए हैं जिनकी जानकारी रोजगार सेतु पोर्टल पर दर्ज है तथा उनकी स्किल मैपिंग का कार्य भी पूर्ण किया जा चुका हैं। इन प्रवासी श्रमिकों को उनकी कुशलता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

एनटीवी इंडिया न्यूज़
खबर जरा हट कर –
