प्राइवेट स्कूल एशोसिएशन सीधी ने कल शुक्रवार को कलेक्टर सीधी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल एवं मप्र शासन के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। एशोसिएशन के सचिव बालेन्द्र मिश्रा ने ज्ञापन सौंपने के पूर्व एसोसिएशन द्वारा एक बैठक एस.आई.टी. पब्लिक स्कूल की सिटी शाखा में की गई जिसमें प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने विभिन्न मांगो को लेकर चर्चा की।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि कोविड 19 के कारण समस्त विद्यालय 22 मार्च 2020 से पूर्णत: बंद हैं, विद्यालय में अध्ययनरत छात्र एवं छात्राएं नहीं आ रहे हैं, माह मार्च से अभिभावकों के द्वारा विद्यालय में शुल्क नहीं जमा किया जा रहा है जिससे विद्यालयों को गहरे आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय में कर्मचारियों का भुगतान करना संभव नहीं हो पा रहा है जबकि अन्य छोटे-बड़े कारोबार पूर्व कि भांति प्रारम्भ हो गए हैं जबकि विद्यालय का संचालन अभी भी बंद है। इस हेतु महामहिम राज्यपाल, मप्र के मुख्यमंत्री से प्रार्थना है कि अभिभावकों के शेष विद्यालयीन शुल्क जमा करने के लिये निश्चित समय सीमा में अतिशीघ्र आदेश करने कि कृपा करें ताकि प्राइवेट स्कूलों के शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की आर्थिक व्यवस्था मे सुधार हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष डा. अजय मिश्रा, राजकरण शुक्ल, कोषाध्यक्ष अखिलेश चतुर्वेदी, राममिलन साहू, दीपक गुप्ता, सुशील अग्रवानी, ए.आर. पाण्डेय, सयुंक्त सचिव मनोज तिवारी उपस्थित रहे।