सरकार कितनी भी जागरूकता फैला दे लेकिन बढ़ते फैशन के चलते युवा सब सुनकर भी अनसुना कर देते हैं जिसका खामियाजा कई बार ऐसे लोगों को जान देकर चुकाना पड़ता है।इसकी बानगी बीते सोमवार की शाम देखने को मिली। जहां एक युवक जो कान में मोबाइल का ईयर फोन लगाकर रेल पटरी पर बैठ कर बातें कर रहा था उसे इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
मड़वास चौकी अंतर्गत अमहिया निवासी अनिल कुमार जयसवाल पिता स्वर्गीय बद्री जयसवाल 20 साल कान में ईयर फोन लगाकर अंडर ब्रिज बग़ल में रेलवे पटरी पर बैठकर बीते सोमवार को 7 बजे के लगभग बातें कर रहा था। बताया गया कि युवक बातों में इतना मशगूल हो गया कि भदौरा तरफ से मालगाड़ी आई और युवक को पता ही नहीं चला।
वहीं प्रत्यक्षकारियों की माने तो उक्त मालगाड़ी ने बहुत हॉर्न भी मारा लेकिन ईयर फोन लगाने के कारण युवक को सुनाई नहीं दिया। और अंतिम समय में जब युवक ने ट्रेन को देखकर संभलने की कोशिश की तब तक इंजन की ठोकर लग चुकी थी जहां युवक पटरी से दूर जा गिरा और मौके पर ही मौत हो गई है।
वहीं मड़वास पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमार्टम उपरांत उसके परिजनों को सौंप दिया है।