मुख्यमंत्री द्वारा इस खुलासे के बाद राज्यपाल से सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की
कृतिका: सीधी
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नंबर दो द्वारा मध्यप्रदेश की चुनी हुई सरकार को अलोकतांत्रिक तरीके से गिराने की साजिश का पर्दाफाश किया है।
श्री सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के द्वारा किए गए इस खुलासे के बाद राज्यपाल से मध्य प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा है कि मध्य प्रदेश की कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को गिराने के 15 महीने के दौरान कई प्रयास हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के विधायकों को खरीदने के लिए साजिश रची है। दुखद यह है कि भारतीय जनता पार्टी की इस साजिश षड्यंत्र में कांग्रेस के प्रतिष्ठित नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया माध्यम बने। उनका यह कृत्य मध्य प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में कलंक के रूप में दर्ज होगा। क्या सिंधिया इस प्रदेश की उस जनता को जवाब दे पाएंगे जिन्होंने भाजपा के खिलाफ कांग्रेस को वोट दिया था। उन्होंने न केवल अपनी मातृ पार्टी बल्कि इस प्रदेश की जनता की उम्मीदों के साथ धोखा किया है जिसने 15 साल के कुशासन के बदलाव के पक्ष में मतदान किया था।
श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वह साहस दिखाया है जिसकी उम्मीद उनसे नहीं थी। उन्होंने मोदी और अमित शाह द्वारा मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जबरदस्ती अपदस्थ करने के लिए सिंधिया को जो माध्यम बनाया उस पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया है।
अजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने सांवेर में दिए गए अपने उदबोधन में यह स्पष्ट कर दिया है यह दल बदलू विधायक सिर्फ 3 साल के लिए ही हैं। उसके बाद भाजपा में इनका कोई भविष्य नहीं है। सौदेबाजी की इस पूरी राजनीति का पर्दाफाश जो शिवराज सिंह चौहान ने किया है उसके लिए कांग्रेस पार्टी उनका आभार व्यक्त करती है। उन्होंने अपने इस खुलासे से सिंधिया जैसे राजनेताओं के असली चरित्र को भी उजागर किया जिन्होंने जनसेवा के लिए नहीं बल्कि कुर्सी के लिए चुनी हुई अपनी ही सरकार को गिराने में भाजपा की मदद की।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि अब राज्यपाल की यह जिम्मेदारी है कि वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस खुलासे के बाद अप्रजातांत्रिक तरीके से मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराने के षड्यंत्र को संज्ञान में लें और संविधान की रक्षा करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार को तत्काल बर्खास्त करें।