विचारधारा पर काम करते हुए 6 सालों में मोदी सरकार ने रचा इतिहास : केदारनाथ

0 358
Main Ad1

कृतिका: सीधी  

हम राजनीति में क्यों हैं? इस सवाल का जवाब भाजपा के लोग तो दे सकते हैं, लेकिन कांग्रेस वाले नहीं दे सकते। कांग्रेस के लिए राजनीति पद पाने का जरिया है और हमारे लिये राजनीति सेवा का माध्यम है। हमारी केंद्र सरकार इसी दृष्टि से काम कर रही है। इसी विचारधारा पर काम करते हुए मोदी सरकार ने बीते 6 सालों में इतिहास रच दिया है। हमें यह बात देश-प्रदेश की जनता को बताना है, उसे समझाना है।
उक्त बातें भाजपा नेता व सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ला ने रविवार को सिंगरौली ज़िले के पार्टी कार्यकर्ताओं को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
Main Ad1
 विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि देश में बीते 6 दशकों तक ऐसे लोगों ने शासन किया, जिनकी कोई विचारधारा नहीं थी। एक तगड़े विपक्ष की गैरमौजूदगी में ये लोग सिर्फ लोक लुभावन नारों और तुष्टिकरण के आधार पर शासन करते रहे। लेकिन 2014 में जब प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा की सरकार बनी, तो देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने कहा कि बीते 6 सालों में इस सरकार ने उद्देश्यपूर्ण शासन किया। सरकार ने नीतियां बनाने या निर्णय लेने में समय नहीं गवांया। चाहे पाक के आतंकियों को सबक सिखाना हो, या डोकलाम में चीन को सड़क बनाने से रोकने का मामला, सरकार ने तेजी से निर्णय लिये। इस मामले में सरकार ने अपनी अलग पहचान बनाई है। नीतियां प्रभावी हों, इसके लिए सरकार ने क्रियान्वयन का तंत्र विकसित किया। इसके अलावा इस सरकार ने ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनाई, ताकि अंतिम पायदान के व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ बेरोकटोक पहुंच सके।
सीधी विधायक श्री शुक्ला ने कहा कि कुछ विपक्षी नेता जो कोरोना महामारी के चलते विदेश नहीं जा पा रहे हैं और देश में फंसकर रह गए हैं, वो टाइमपास करने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। ये नेता मोदी सरकार द्वारा किये गए लॉकडाउन को गलत बता रहे हैं। ये बात-बात पर स्वीडन का उदाहरण देते हैं। लेकिन इन्हें नहीं पता कि स्वीडन में हाल क्या हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने समय पर लॉकडाउन का निर्णय लिया और देश में कोरोना के प्रसार को अनियंत्रित नहीं होने दिया। मोदी सरकार ने लॉकडाउन का त्वरित निर्णय लिया और देश को बचा लिया। यह सरकार की निर्णय क्षमता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण देश के लोगों ने इस महामारी की गंभीरता को समझा और ऐसी जीवनशैली को अपनाया, जिससे महामारी के प्रसार को नियंत्रित करने में सफलता मिली।
News TOP Footer