मलेरिया निरोधक माह की अंतर्विभागीय बैठक संपन्नकृतिका: सीधी
जिला पंचायत सभागार में मलेरिया निरोधक माह जून 2020 के संदर्भ में अंतर्विभागीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद रीती पाठक ने कहा कि जिले के उन क्षेत्रों को प्राथमिकता से मलेरिया सर्वे कराए जहां पर पूर्व में मलेरिया के केस पाए जाते रहे हैं। इसके साथ ही जन-जागरूकता की गतिविधियों का आयोजन कर ग्राम वासियों को पहले से सावधानियों के बारे में बताएं। उन्हे जानकारी दे कि घरों के आस-पास पानी एकत्रित न होने दे। कुलर, छतों पर रखे पुराने सामान, टायर में मानसून का पानी भरने से लार्वा पैदा होते हैं। घरों के आस-पास गड्ढों में जला हुआ तेल, नीम के धुएं का उपयोग करें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, पानी को ढक कर रखे ताकि उसमें लार्वा न पनपने पाए।
कलेक्टर रवींद्र चौधरी ने कहा कि मलेरिया रोग का संक्रमण काल शुरू हो रहा है। जन समुदाय की सक्रिय सहभागिता के प्रोत्साहन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक वर्ष जून माह को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाता है। मलेरिया माह जून के अंतर्गत जिले में मच्छरजन्य रोगों के नियंत्रण रोकथाम बचाव एवं उपचार का स्थानीय लोगों में ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार प्रसार व जागरूक करने एवं रुके हुए पानी को सप्ताह में एक बार अवश्य बदलने एवं लार्वा विनिष्टीकरण के लिए निर्देशित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिश्रा द्वारा छिड़काव और मच्छरदानी वितरण की जानकारी दी गई। इस वर्ष 2 चरणों में एसपी 20 प्रतिशत का छिड़काव का कार्य संपादित किया जाएगा। 15 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के अंतर्गत 31 ग्रामों में 15 जून से 30 जुलाई तक छिड़काव कराया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 15 सितंबर से 30 अक्टूबर तक छिड़काव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शासन के निर्देशानुसार चिन्हित ग्रामों में मच्छरदानी का वितरण किया जाएगा। जन-जागरूकता के लिए मलेरिया रथ का 123 हाई रिस्क ग्रामों में प्रचार-प्रसार करने हेतु जिले से रवाना किया गया है। इस रथ के माध्यम से मलेरिया होने का कारण, उससे बचाव के तरीके, लक्षण एवं सावधानियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।