सब्जी, फल के आढ़त विक्रेताओं एवं खरीददारों ने कलेक्टर से स्थान विवर्तन की मांग की
कृतिका: सीधी
लाकडाउन के दौरान फल एवं सब्जी के थोक विक्रेताओं एवं उनके खरीददारों के लिए जिला प्रशासन द्वारा संजय गांधी कॉलेज मैदान का स्थान निर्धारित किया गया है लेकिन बारिश की वजह से यहां न तो वाहन आ पा रहे हैं ना ही बरसात से बचने के लिए व्यापारियों के लिए कोई सुविधाएं निर्धारित की गई हैं, जिस वजह से व्यापारियों ने अलग से स्थान बारिश से बचाव हेतु किसी नए स्थान पर इस मंडी को स्थानांतरित करने की मांग कलेक्टर रवींद्र चौधरी से की है।
लॉक डाउन के दौरान अतीत के दिनों में देखा जाये तो बारिश के पहले तो भरी दोपहरी में तपन को सहते हुए व्यापारी संजय गांधी कॉलेज मैदान में सब्जी एवं फल बेचने के लिए मजबूर थे लेकिन अब बारिश ने रास्ता रोक दी है। जिस वजह से व्यापारियों ने एक स्वर में यही कहा कि कलेक्टर द्वारा दूसरा स्थान चयनित कर व्यापारियों की मदद की जाये। इस संबंध में व्यापारियों की कुछ इस तरह प्रतिक्रियाएं रहीं।
फल विक्रेताओं को निर्धारित हो अलग स्थान : खत्री
गौरव फ्रूट कंपनी के संचालक सुनील खत्री ने कहा कि सब्जी मंडी की दुकानें बंद होने के बाद कॉलेज ग्राउण्ड में फल एवं सब्जी के थोक विक्रेताओं के लिए स्थान निर्धारित किया गया है लेकिन बारिश की वजह से दुकानें वहां संचालित करना मुश्किल हो गई है। ऐसी स्थिति में दूसरा स्थान निर्धारित कर कलेक्टर व्यापारियों की मदद करें। उन्होने कहा कि या तो कलेक्टर मंडी बाहर बनाकर दें या फिर प्लाट दें अन्यथा हम लोगों का व्यवसाय चौपट हो रहा है। करोड़ों की सब्जी कोल्ड स्टोरेज में रखने के बाद भी बर्वाद हो रही है। ऐसी स्थिति में कलेक्टर व्यापारियों के लिए अलग से व्यवस्था करायें।
फल एवं सब्जी विक्रेता रोशन कामदार का कहना है कि कॉलेज ग्राउण्ड में फल विक्रेताओं के साथ कुछ लोग आए दिन विवाद करते रहते हैं। हम लोग परेशान हैं, ऐसी स्थिति में कलेक्टर निर्धारित दुकान तय कर निर्धारित स्थान दिया जाये, जिससे की व्यापारियों को कोई दिक्कतें न हो। उन्होने कहा कि बारिश की वजह से कॉलेज ग्राउण्ड मैदान में वाहन निकलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में व्यापारियों के हित को ध्यान में रखते हुए दूसरा स्थान तय करने की जिम्मेवारी कलेक्टर को करना चाहिए।
व्यापारियों के हित में काम करे प्रशासन : आहूजा
बाबा फ्रूट कंपनी के संचालक किशोर आहूजा ने कहा कि मंडी में काफी दिक्कतें हो रही हैं। यहां कॉलेज ग्राउण्ड में बारिश की वजह से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। ऐसे में कही नई जगह तय कर व्यापारियों के लिए स्थान निर्धारित किया जाये यही बेहतर रहेगा।
भुखमरी के कगार पर पहुंचे व्यापारी : राहुल
गुरूकृपा फ्रूट कंपनी के संचालक राहुल ने बताया कि इन दिनों व्यापारी भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं। उन्होने कहा कि जब तक शासन व्यापारियों के हित में काम नहीं करेगा तो व्यवसाय चौपट हो जाएगा। उन्होने कहा कि तेज बारिश की वजह से जब पहले दौर में ही कॉलेज मैदान पानी से सरोकार हो गया है जिस वजह से कहीं अन्यंत्र व्यवस्था करने की जरूरत है।