मृतक के परिजनों ने दोस्त पर ही लगाया हत्या का आरोप, दोस्तों ने खोला मारपीट का राज


आर.बी. सिंह राज
सीधी

मड़वास चौकी अंतर्गत सोधिया गेट के पास 22 मई की दरमियानी रात्रि एक युवक का रेल से कटा हुआ शव बरामद हुआ था। जिसका राज अब धीरे-धीरे खुलने लगा है। वहीं मृतक के परिजन ने आरोप लगाया कि मामले को छुपाने के लिए गांव में रहने वाले नेताओं के शरण में आरोपी पहुंच चुके हैं। जिस पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
पूरे मामले को लेकर मृतक के भाई ने पुलिस कप्तान को शिकायती आवेदन देकर कार्यवाही की गुहार लगाई है।
क्या था पूरा मामला
सोधिया निवासी मुकेश साकेत पिता लालमन साकेत उम्र 21 साल हैदराबाद में रहकर कंपनी में काम करता था, लॉक डाउन के दौरान मृतक युवक अपने गांव सोधिया आया हुआ था। जिसका 22 मई की दरमियानी रात्रि में रेलवे ट्रैक पर कटा हुआ शव बरामद हुआ था। मृतक के भाई ने पुलिस कप्तान को शिकायती आवेदन देकर गुहार लगाया कि मेरा भाई आरोपी राजेश साहू अखिलेश साहू और नीलेश साहू के यहां रात्रि 9 बजे के लगभग मुर्गा खाने के लिए गया हुआ था इसी दरमियान शराब पीने को लेकर रात्रि 11 बजे के लगभग दोनों में वाद विवाद हुआ। वाद विवाद इतना हुआ कि आरोपियों ने मृतक युवक को लाठी डंडे से पीटा था। जिसके बाद से मेरा भाई घर में लौट कर नहीं आया तथा सुबह रेलवे ट्रैक पर रेल से कटा हुआ शव बरामद हुआ था।
दोस्तों ने खोला इस हत्याकांड का राज
मृतक के साथ में मुर्गा खाने गए दो दोस्त विक्रम श्रीवास्तव पिता सुनील श्रीवास्तव उम्र 22 साल तथा राहुल कोल पिता अशोक कोल उम्र 15 वर्ष ने बताया कि मुर्गा खाने के दौरान पीने के लिए शराब कम पड़ गई थी जिसमें मृतक आरोपियों को गाली दे रहा था। तभी तीनों आरोपी राजेश साहू, नीलेश साहू तथा अखिलेश साहू ने उसे लाठी-डंडे से जमकर पीटा था।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी युवक मारपीट कर रहे थे तब हम दोनों बीच बचाव कर रहे थे लेकिन आरोपी मानने को तैयार नहीं थे जिसके बाद हम दोनों दोस्त बीच बचाव के लिए किसी को बुलाने बाहर निकले तथा 2 मिनट के बाद अंदर गए तब आरोपियों द्वारा बोला गया कि वह यहां से भाग गया है जिसका सुबह रेलवे ट्रैक पर कटा हुआ शव बरामद हुआ था।
आरोपियों का ऑडियो हुआ वायरल
वहीं इस पूरे मामले में मृतक के साथ मारपीट करने वाले आरोपी नीलेश साहू तथा राजेश साहू का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें मृतक के भाई से फोन कॉल द्वारा बातचीत में वो साफ-साफ बोल रहा है कि हम लोगों के द्वारा मारपीट किया गया था। हम लोगों को बचा लेना।
जवाब पूछते सवाल
सवाल यह बनता है कि जब मृतक के पूरे गांव को पता है कि इस युवक को मारा पीटा गया था जिसके बाद रेलवे ट्रैक पर उसका शव बरामद हुआ था लेकिन यह पुलिस को पता क्यों नहीं है ? दूसरा सवाल ये है कि जब दो दोस्तों ने पूरे कहानी का राज खोला तथा आरोपियों के भी ऑडियो वायरल हुए इसके बावजूद भी आरोपियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई ?
इनका कहना है
♦️ मेरा भाई अपने दो दोस्तों के साथ मुर्गा खाने राजेश साहू नीलेश साहू के घर गया हुआ था जहां शराब पीने को लेकर वाद विवाद हुआ था। साहू लोगों ने मेरे भाई को रात 11:30 बजे के लगभग जमकर मारा था जिसकी गवाही उसके साथ में गए दो दोस्त खुद दे रहे हैं। इस मारपीट में राजेश साहू का रिश्तेदार नीलेश साहू भी मुर्गा खाने आया हुआ था जहां उनके साथ वह भी मारा था जिसके बाद सुबह सोधिया रेलवे फाटक के पास मेरे भाई का कटा हुआ शव बरामद हुआ था।
मड़वास चौकी एवं एसपी ऑफिस को भी आवेदन दिया हूं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
श्रीराम साकेत मृतक का भाई
♦️ मैं मृतक मुकेश साकेत के साथ राजेश साहू के घर मुर्गा खाने गया हुआ था जहां 11:30 बजे के आसपास राजेश, अखिलेश और नीलेश दारु पीने की बात को लेकर मार रहे थे। मैं बीच बचाव भी किया हूं लेकिन मेरी बात नहीं सुने, तब मैं किसी को बुलाने आ गया जब दोबारा गया तब उन्होंने बोला कि वह भाग गया है जिसका सवेरे रेलवे लाइन में शव बरामद हुआ है।
राहुल कोल
उम्र 15 वर्ष, मृतक का दोस्त
♦️ मैं, राहुल कोल और मुकेश साकेत राजेश साहू के यहां मुर्गा खाने गए थे, जहां मुकेश का राजेश से दारु पीने को लेकर विवाद हुआ था विवाद में राजेश और उसका छोटा भाई अखिलेश तथा पड़ोसी नीलेश ने मृतक मुकेश को लाठी-डंडों से मारा था। जिसमें मैं खुद बीच-बचाव किया था तथा वो नहीं माने तब मैं बाहर आ गया था इसके बाद सुबह मुझे मुकेश का शव रेल से कटा हुआ बरामद हुआ है।
विक्रम श्रीवास्तव
मृतक का दोस्त
♦️ट्रेन के ड्राइवर ने सूचना दी की सोधिया गेट के पास एक युवक की कटकर मौत हो गई है तथा ड्राइवर ने कटे हुए युवक के बारे में हमें कोई मेमो नहीं दिया है।

लालू
स्टेशन मास्टर, मड़वास
