गुरुवार को आए आंधी तूफान के कारण हुई क्षति का कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने भ्रमण दी आर्थिक सहायता राशि –


कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने तहसील रामपुर नैकिन अंतर्गत गुरुवार को आंधी-तूफान से प्रभावित ग्रामों का भ्रमण कर हुयी क्षति का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री चौधरी ने उपस्थित राजस्व अधिकारियों को तत्काल विस्तृत सर्वे कर क्षति का आंकलन कर राहत प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने खारा, खरहना, भैंसरहा एवं बुढ़गौना ग्रामों का भ्रमण किया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी अभिषेक सिंह, तहसीलदार लक्ष्मण पटेल, नायब तहसीलदार सुधीर मोहन अग्रवाल उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री चैधरी ने सर्वे का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करने के लिए कहा है। उन्होंने प्रभावित ग्रामों के लिए दल का गठन कर सर्वे का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को शासन के नियमानुसार राहत का लाभ प्राप्त होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। कलेक्टर श्री चैधरी ने उपखण्ड अधिकारी को उक्त कार्य में सतत निगरानी रखने तथा वस्तुस्थिति से प्रतिदिन अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने कहा कि यह विपदा का समय है, इसमें पूरे प्रशासनिक अमले को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रभावित व्यक्तियों को राहत पहुँचाने का कार्य करना है। गुरुवार को आंधी-तूफान के कारण दीवार गिरने से ग्राम बुढ़गौना की श्यामकली कोल की मृत्यु पर उनके निकटतम वारिस पति मोतीलाल कोल को 5 हजार रुपए की अंत्येष्टि सहायता प्रदान की गयी है। इसके साथ ही कलेक्टर श्री चैधरी द्वारा आरबीसी 6(4) के अंतर्गत राहत प्रकरण बनाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री चैधरी ने ग्रामवासियों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए पूरी सतर्कता एवं सावधानी रखने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से रोकथाम एवं बचाव के लिए वे अपने घरों पर ही रहें। केवल अत्यावश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा इस दौरान भी विशेष सतर्कता और सावधानी रखें। घर से निकलने पर मास्क अनिवार्य रूप से लगा कर रखें। नियमित अंतराल में अपने हाथ को साबुन से धोते रहें। उन्होंने कहा गाँव के जो व्यक्ति/श्रमिक बाहर से आ रहे हैं, वो 14 दिनों तक अपने घरों में रहें, किसी से भी मिले नहीं और शारीरिक दूरी बनाकर रखे।
NTV India news

खबर जरा हट कर –
