चुरहट 23 चक्रों में सीधी 21 चक्र, सिहावल,धौहनी 22 चक्र की होगी मतगणना

सीधी : धर्मेंद : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा रिटर्निंग आफिसर 11-सीधी संसदीय निर्वाचन अभिषेक सिंह ने आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि शान्तिपूर्वक एवं पारदर्शी तरीके से मतगणना सम्पन्न कराने के लिये सभी आवश्यक सुव्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई है। 11- सीधी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिये 4 विधानसभा क्षेत्रों चुरहट, सीधी, सिहावल और धौहनी की मतगणना का कार्य संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय सीधी (पुराना भवन) में, 3 विधानसभा क्षेत्रों चितरंगी, सिंगरौली और देवसर की मतगणना का कार्य सिंगरौली जिला मुख्यालय में तथा 1 विधानसभा क्षेत्र ब्यौहारी की मतगणना का कार्य शहडोल जिला मुख्यालय में किया जायेगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना के संकलन का कार्य सीधी में किया जायेगा।रिटर्निंग आफिसर श्री सिंह ने बताया कि कंट्रोल यूनिट से मतों की गणना विधानसभावार निर्मित कक्षों में की जायेगी। सीधी जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र के लिये प्रत्येक विधानसभा के लिये 2-2 कक्ष बनाये गये हैं जिनमें 14 टेबलों पर मतगणना का कार्य किया जायेगा। ईटीपीबीएस तथा डाक मतपत्रों की गणना पृथक से रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में की जायेगी। विधानसभा क्षेत्र चुरहट के 312 मतदान केंद्रों की गणना 23 चक्रों में सम्पन्न होगी। इसी प्रकार सीधी के 292 मतदान केन्द्रों की मतगणना 21 चक्र, सिहावल के 305 मतदान केंद्रों की तथा धौहनी के 297 मतदान केंद्रों की मतगणना 22 चक्रों में सम्पन्न होगी। प्रत्येक मतगणना टेबल में 3 कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। प्रत्येक टेबल में एक सुपरवाईजर, एक गणना सहायक द्वारा मतगणना की जायेगी जिसमें माइक्रो आब्जर्वर द्वारा निगरानी रखी जायेगी। आयोग के निर्देशों के अंतर्गत जिस मतगणना कक्ष में डाक मतपत्रों की गणना होगी, वहाँ पर ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना डाक मतपत्रों की गणना प्रारंभ होने के 30 मिनिट बाद प्रारंभ की जायेगी। शेष मतगणना कक्षों में ईव्हीएम की मतगणना निर्धारित समय सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। सभी ईव्हीएम की मतगणना पूर्ण होने के उपरान्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 5 व्ही.व्ही. पैट को रैण्ड्म पद्धति से चुना जाकर उनकी पर्चियों की गणना की जायेगी। इन पाँच व्हीेव्हीेपैट की पर्चियों की गणना क्रमबद्ध तरीके से (एक के बाद एक) की जायेगी।रिटर्निंग आफिसर श्री सिंह ने बताया कि मीडिया कर्मियों के लिये मीडिया कक्ष की व्यवस्था की गयी जिसमें टीवी, कम्प्यूटर, इंटरनेट की व्यवस्था की गयी है। मीडिया कर्मियों को केवल मीडिया कक्ष तक ही मोबाइल ले जाने की अनुमति होगी, मतगणना स्थल पर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल पर उन्हें नियमित अंतराल में छोटे-छोटे समूहों में भ्रमण कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि पेयजल, शौचालय इत्यादि के साथ ही आपातकालीन चिकित्सा एवं अग्निशमन की व्यवस्था भी की गयी है। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि मतणना से संबंधित सभी कार्यों के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी जाकर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा चुका है।जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने आमजनों से अपील की है कि वे शांति बनाये रखें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। उन्होंने कहा कि जिले में सोशल मीडिया के लिये धारा 144 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश प्रभावशील है। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों को प्रसारित करने एवं आपत्तिजनक पोस्ट करने पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
