कांग्रेस प्रत्याशी अजय सिंह राहुल सीधी और सिंगरौली दोनों जगह क्रमवार रहेंगे उपस्थित


?आज मतगणना में कांग्रेस की रहेगी पैनी नजर
【आर.बी.सिंह ‘राज’】✍️
सीधी।
लोकसभा चुनाव की आज 23 मई को होने वाली मतगणना को लेकर सभी राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हो चुकी हैं वहीं आम जनमानस में भी आज की मतगणना को लेकर भारी सस्पेंस व उत्साह का आलम देखा जा रहा है।
कौन बनेगा सीधी संसदीय क्षेत्र का अगला सांसद ? इस बात को लेकर कल पूरे दिन फिर से लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। राजनीति में रुचि रखने वाले नेताओं तथा कुछ लोगों को तो शायद कल की रात ठीक से नींद भी नहीं आई होगी।
आज होने वाली मतगणना को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों में बेहद एहतियात और संजीदगी का आलम देखा जा रहा है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अजय सिंह राहुल ने तो आज की होने वाली मतगणना को लेकर एहतियातन अपनी अलग तरह की रणनीति बनाई है जिसके चलते वो मतगणना के वक्त आधे समय तक सीधी में रहेंगे और शेष समय वो सिंगरौली में व्यतीत करेंगे।
परंतु यह अभी तय नहीं है कि व़ो सुबह का वक्त सीधी को देंगे या सिंगरौली को ?
‘स्टार-समाचार’ ने जब इस बात की पुष्टि करने के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी अजय सिंह राहुल के एक करीबी को फोन किया तो उन्होंने इस बात की पुष्टि की। पर जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि अजय सिंह राहुल सीधी और सिंगरौली जिले के बैढ़न के बीच की 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने के लिए सड़क मार्ग का उपयोग करेंगे या हेलीकॉप्टर का तो उस करीबी ने कहा कि कुछ भी विकल्प हो सकता है अर्थात हेलीकॉप्टर के सवाल पर उन्होंने कोई इनकार नहीं किया।
आज होने वाली मतगणना को लेकर पूरे शहर में जोरदार चर्चाओं का बाजार गर्म है और आज सुबह से ही सीधी जिले के लिए निर्धारित मतगणना स्थल संजय गांधी महाविद्यालय परिसर के बाहर भीड़ लगनी प्रारंभ हो जाएगी और देर शाम तक कौन बनेगा सीधी का अगला सांसद ? इसका भी फैसला हो जाएगा।
अब देखना दिलचस्प ये होगा कि आज की रात किसके लिए दीवाली लेकर आएगी और किसके लिए अमावश की रात साबित होगी।

