! जिले में 68.09 प्रतिशत किया गया मतदान !

0 172
Main Ad1

सीधी : धर्मेंद : लोकसभा निर्वाचन 2019 के लिये सीधी जिले में 29 अप्रैल की सुबह 7 बजने से पहले ही मतदाताओं की कतारें लगने लगी और कतारों का यह सिलसिला शाम तक लगातार जारी रहा। जिले के मतदाताओं ने देश के महात्यौहार में बढ़-चढ़ कर भागीदारी की। परिणाम यह रहा कि लोकसभा निर्वाचन -2014 के 56.68 प्रतिशत मतदान सहभागिता से 11.41 प्रतिशत आगे निकल कर मतदान सहभागिता 68.09 प्रतिशत रही।सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं निर्विघ्न रही। सफलतापूर्वक मतदान सम्पन्न कराकर वापस लौटने वाले दलों का मतदान सामग्री वापसी केंद्र शासकीय संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय सीधी (पुराना भवन) में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह की अगुवाई में सहृदयता एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। सर्वप्रथम सीधी विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 230 का मतदान दल सामग्री वापसी केंद्र पहुँचा। जहाँ दल के सभी सदस्यों का जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अवि प्रसाद ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। सामग्री वितरण स्थल पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिये 10-10 काऊंटर बनाये गये थे जिससे सभी मतदान दलों ने बिना किसी असुविधा के सामग्री जमा किये।
इससे पहले बढ़ी हुई गर्मी का सामनाकर मतदाताओं ने देश के महात्यौहार में पूरे उत्साह के साथ सक्रिय सहभागिता की। पुरुष एवं महिला मतदाताओं ने समान रूप से भागीदारी की। जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों में शीतल जल की व्यवस्था, छांव हेतु टेंट की सुविधा, दिव्यांग जनो गर्भवती महिलाओं एवं वृद्ध जनो हेतु सुगम्य पास के माध्यम से कतार में प्राथमिकता, व्हील चेयर, रैम्प की सुविधा, सहायक एवं वालंटियर्स की व्यवस्था की गयी थी। इन सभी व्यवस्थाओं के फलस्वरूप मतदान प्रक्रिया सहज रही एवं मतदान का अनुभव कर्तव्य निर्वहन के गर्व के साथ सुखमय भी रहा।सीधी जिले के विधानसभा चुरहट में 68.50 प्रतिशत , विधानसभा सीधी में 67.35, विधानसभा सिहावल में 63.64 एवं विधानसभा धौहनी में 73 प्रतिशत मतदान हुआ। इस प्रकार जिले में 68.09 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके साथ ही विधानसभा चितरंगी में 67.86, सिंगरौली में 67.19, देवसर में 75.26 तथा ब्यौहारी में 72.71 प्रतिशत रहा। इस प्रकार 11-सीधी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का मतदान 69.45 प्रतिशत रहा।

 

News TOP Footer