?अजय सिंह राहुल का भाजपा और प्रधानमंत्री पर बड़ा हमला
?गरीबों को चिलचिलाती धूप और प्रधानमंत्री के लिये वातानुकूलित मंच ??
?प्रधानमंत्री पर लगाया संसदीय क्षेत्र की जनता को गुमराह करने का आरोप
?भाजपा प्रत्याशी को बोलने का मौका नही देने पर भी उठाए सवाल
सीधी।
विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अजय सिंह राहुल ने प्रधानमंत्री और भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि सीधी के मड़रिया बाईपास में प्रधानमंत्री की जिस चुनावी सभा का आयोजन किया गया उसमें उनके लिये कई टन एसी का वातानुकूलित मंच तैयार किया गया था। अजय सिंह ने प्रधानमंत्री पर संसदीय क्षेत्र की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधनमंत्री ने अपने लच्छेदार भाषण में जनता से कई झूंठ बोले। श्री सिंह राहुल ने सवाल उठाते हुए कहा कि सीधी की गरीब जनता को 48 डिग्री की चिलचिलाती धूप में बैठने के लिये मजबूर करने वाले प्रधानमंत्री और तथाकथित चौकीदार ने वातानुकूलित मंच में बैठ कर जनता को क्या संदेश दिया है ?? उन्होंने कहा कि सीधी की जनता गरीब जरूर है लेकिन उसका आत्मसम्मान इतना छोटा नही जितना देश के प्रधानमंत्री और भाजपा के लोग समझ रहे हैं।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस प्रत्याशी अजय सिंह राहुल ने आज धौहनी एवं देवसर विधानसभा में सभा एवं जनसंपर्क के दौरान उक्त बातें कहीं उन्होंने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री ने सीधी को पावर हब बताया लेकिन यह नहीं बताया कि यहां पर पावर हब कांग्रेस की ही देन है और दाऊ साहब के प्रयासों से यहां एनटीपीसी का कारखाना लगा। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में सीधी सिंगरौली सड़क मार्ग की भाजपा सरकार के समय की दुर्दशा का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने किसानों की कर्ज माफी के संबंध में प्रधानमंत्री पर झूंठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों का कर्ज माफी पर सवाल उठने से पहले उन्हें वास्तिवकता का पता लगाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बयान से यह स्पष्ट हो चुका है कि वो किसानों की कर्ज माफी के खिलाफ हैं और उन्हें किसानों के हित में कोई रूचि नहीं है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे किसानों की कर्जमाफी के समर्थन में हैं या विरोध में।
उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री पिछले चुनावों में किए गए वादों का उल्लेख करना क्यों भूल गए जो वास्तव में पूरे नहीं हुए जिसमें हर साल दो करोड़ नौजवानों को रोजगार, किसानों को फसल का लाभकारी मूल्य, हर भारतवासी को 15 लाख देने का वादा किया गया था। भाजपा के लोगों ने पिछले 5 सालों में रीवा – सिंगरौली रेल लाइन का खूब प्रचार किया लेकिन कोई काम नहीं हुआ। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में अपनी सरकार की नाकामी को कांग्रेस पर थोपने का प्रयास किया।
?संसदीय क्षेत्र की बेटी के 2 शब्द भी नहीं सुन सके मोदी?
अजय सिंह राहुल ने भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी को मंच में बोलने का अवसर नही दिये जाने पर सवाल उठाते हुये कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर लच्छेदार और बड़े बड़े भाषण देने वाले प्रधानमंत्री के पास इतना भी वक्त नही था कि वो सीधी की उस बेटी के दो शब्द भी सुन सकें जिसको इस क्षेत्र की जनता ने देश की सबसे बड़ी अदालत के अंदर अपने प्रतिनिधि के रूप में भेजा था।