जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 160 आवेदकों की समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : 7 दिसम्बर को जनसुनवाई में कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान द्वारा 160 आवेदकों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर द्वारा गंभीर किस्म की शिकायतों पर समय-सीमा अंकित कर संबंधित विभाग को निश्चित समय अवधि में निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में गरीबी रेखा में नाम जोड़ने, अतिक्रमण हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण हेतु कलेक्टर ने निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत विभाग तथा अन्य विभागों से संबंधित भी आवेदन आये, जिनके निराकरण हेतु कलेक्टर ने आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा लोगों की समस्या के त्वरित निराकरण करने की मंशा से जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसे पूरी गंभीरता से लें तथा प्राप्त समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करायें। जनसुनवाई के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, राजस्व संबंधी मामले जिनमें सीमांकन, बंटवारा, भूमि पर कब्जा, आदि से संबंधित प्रकरण, बिजली विभाग, स्वास्थ्य, शिक्षा से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जनसुनवाई में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
