शिवसेना जिला इकाई द्वारा नगर पालिका के भ्रष्टाचार को लेकर मानस भवन में आवारा पशुओं को बंदी बना लेने को लेकर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सिटी कोतवाली में केस दर्ज करने हेतु शिकायती आवेदन दिया है।
शिवसेना जिलाध्यक्ष विवेक पांडे ने जानकारी दी कि सीधी शहर के नगर पालिका प्रशासन द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शहर के एक सांस्कृतिक भवन मानस भवन के अंदर क्रूरता पूर्वक बिना किसी व्यवस्था के पशुओं को जेल के कैदियों की तरह बंद कर दिया गया है। श्री पांडे ने कहा कि जेल के कैदी भी कैद में होने के बावजूद भी दो वक्त की रोटी पाते हैं लेकिन पशुओं को बड़ी क्रूरता पूर्वक नगर प्रशासन द्वारा बिना पानी भोजन की व्यवस्था के गेट में ताला बंदकर बंदी बना लिया गया है। इसके पूर्व भी नगर प्रशासन द्वारा कई बार पशुओं के साथ ऐसी क्रूरता करते हुए पाया गया और इसके पूर्व भी शिवसेना जिला इकाई द्वारा नगर प्रशासन के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई थी लेकिन नगर प्रशासन तानाशाही से बाज नहीं आया। एक बार पुनः शिवसेना जिला इकाई द्वारा नगर प्रशासन के विरुद्ध एवं पशुओं के साथ क्रूरता को अंजाम देने वाले नगर पालिका कर्मचारी के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करवाने के लिए आवेदन दिया है।
श्री पांडे ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है चाहे वो आम जनता हो या कोई शासन प्रशासन का अधिकारी या कर्मचारी हो। अपराध करने वाले अपराधियों के ऊपर कड़ी कार्यवाही की जाए।
इस बीच जिला अध्यक्ष विवेक पांडे, विधानसभा प्रभारी प्रदीप विश्वकर्मा, जिला प्रवक्ता रवेंद्र शुक्ला, क्षेत्रीय प्रमुख गांधीग्राम सोनू वर्मा सहित कई शिवसैनिक मौजूद रहे।