पूर्व मंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र में उठाएंगे मामला
कृतिका: सीधी
सीधी जिला अस्पताल में सोमवार 8 जून को रक्त के अभाव में शशि प्रजापति पिता रामशरण प्रजापति की मौत हो गई थी। जिस को न्याय दिलाने के लिए बीजेपी और कांग्रेस आमने सामने आई हैं। कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा को घेरते हुए कहा है कि हमारी बनाई हुई व्यवस्था को पूरी भाजपा वालों ने चौपट कर दिया है जिससे हालत यह है कि स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है।
क्या था पूरा मामला
शशी प्रजापति पिता रामशरण प्रजापति निवासी उत्तरी करौंदिया सीधी को ब्लड की कमी तथा लीवर में दिक्कत होने के कारण जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने दो यूनिट ब्लड की जरूरत बताई थी पीड़िता के पिता मानव कल्याण संगठन से जुड़कर जिला चिकित्सालय को एक महीना पहले रक्तदान किया था, जिसको लेकर पीड़ित पिता सिविल सर्जन की चौखट पर रक्त की मांग कर रहा था मामले की जानकारी कलेक्टर को लगते ही कलेक्टर रवींद्र चौधरी ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर सिविल सर्जन को रक्त देने का आदेश दिए थे। कलेक्टर के आदेश के बावजूद भी सिविल सर्जन ने रक्त नहीं दिया था। वहीं ब्लड देने की बजाय सिविल सर्जन द्वारा जिंदगी के आखिरी क्षण में पीड़िता को रीवा के लिए रेफर किया गया था जहां अस्पताल के गेट में ही पीड़िता ने दम तोड़ दिया था। जिसको लेकर अब कांग्रेस बीजेपी को घेरने में लगी है।
विधानसभा सत्र में उठाएंगे: पूर्व मंत्री
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने इसके लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि हमने जो व्यवस्था बनाई थी उसे ध्वस्त कर दी गयी है। आखिर क्या जरूरत थी कोरोना काउंट में सिविल सर्जन का ट्रांसफर करने की और एक ऐसे व्यक्ति को लाया गया है जो कलेक्टर के आदेश को भी नहीं मानता है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि हम इस बात को विधानसभा सत्र में उठाएंगे और भरकर प्रयास करेंगे कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने उठाए सवाल
सीधी भाजपा जिला अध्यक्ष इंद्र शरण सिंह चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है और इस मामले में हम कलेक्टर से बात करेंगे। डॉक्टर तो भगवान का रूप होता है। यही संवेदनशीलता उन्होंने पहले दिखाई होती तो शायद ऐसा ना होता।
जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन की लापरवाही से युवती की मौत के मामले को लेकर मीडिया के सवालों पर सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ला ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
सिविल सर्जन के ऊपर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन: लालचंद
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष लाल चंद्र गुप्ता ने शशि की मौत को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिले का सबसे बड़ा अधिकारी कलेक्टर होता है जब सिविल सर्जन कलेक्टर की ही बात अनसुनी कर दिया तब वो किसकी बात मानेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में हम सब कांग्रेसी कलेक्टर को भी ज्ञापन देंगे, ऐसे लापरवाह सिविल सर्जन के ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी व्यक्ति के ऊपर कार्यवाही नहीं हुई तो हम सब कांग्रेसी बैठकर डिसीजन लेंगे फिर मृतका के परिवार के न्याय के लिए कानून का पालन करते हुए उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जंगलराज है कायम: रोहित
कांग्रेस नेता रोहित मिश्रा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सीधी में अब जंगलराज कायम है यहां सिर्फ बीजेपी नेताओं की चलती है। जिसमें आम आदमी न्याय के लिए चक्कर लगाते लगाते दम तोड़ देता है। सरकार बदलते ही भाजपा के नेता अपने पसंद के अधिकारी लाकर जंगलराज कायम किए हैं। उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन के ऊपर अगर कार्रवाई नहीं की गई तो इसके लिए कांग्रेस आंदोलन करेगी।