बीते 23 मार्च को एक अज्ञात व्यक्ति की लाश सोन नदी में मिली थी। जिसकी पहचान भगवान दास साहू पिता देव शरण 42 वर्ष निवासी ग्राम सहुआर थाना जियावन जिला सिंगरौली के रूप में की गई थी। परिजनों द्वारा पूछताछ पर बताया गया कि 20 मार्च को भगवान दास साहू अपनी बोलेरो एमपी 66 टी 1346 एवं सैमसंग कंपनी का मोबाइल घर से लेकर निकला था, जिनका भी पता नहीं है। सीधी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रकरण के संदेहियों से पूछताछ की गई। पूछताछ पर राकेश उर्फ हनी यादव, यादव उर्फ छोटू यादव , एवं कमलेश बंसल उर्फ चैता बंसल सभी निवासी पनवार हवाई पट्टी थाना जमोड़ी जिला सीधी ने जुर्म स्वीकार किया। आरोपियों द्वारा बताया गया कि देवसर से मृतक की बोलेरो बुक कराकर रास्ते में भगवान दास साहू की हत्या कर लाश को भंवर सेन पुल के पास सोन नदी में फेंक दिया था तथा बोलेरो के नंबर प्लेट को भी खोलकर सोन नदी के गहरे पानी में फेंक दिया था और बोलेरो को रास्ते में छतिग्रस्त कर दिया गया था। आरोपियों के बताए अनुसार मृतक की बोलेरो एमपी 66 टी 1346 एवं सैमसंग कंपनी का मोबाइल व सिम बरामद की गई है। उक्त आरोपियों पर आईपीसी की धारा 302, 201, 394, 397 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। खुलासे में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चुरहट, थाना प्रभारी जमोडी अभिषेक सिंह परिहार, थाना रामपुर नैकिन के निरीक्षक अशोक पांडेय की अंधी हत्या के खुलासा में महत्वपूर्ण भूमिका रही।