सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य क्षेत्र अंतर्गत हो रहे रेत के अवैध उत्खनन पर विवेक सिंह रेंज आफीसर सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य सीधी द्वारा कार्यवाही करते हुए भेलकी घाट से अवैध रेत उत्खनन में लिप्त 407 वाहन को पकड़ा गया है। वाहन चालक घटना स्थल से फरार होने में सफल रहा है।
मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे 407 को अवैध रेत परिवहन करते हुए भेलकी घाट से पकड़ा गया। उक्त 407 में वाहन क्रमांक अंकित नहीं था, चेचिस नम्बर एवं इंजन नम्बर के आधार पर वाहन स्वामी की जानकारी संकलित की जा रही है।
407 वाहन स्वामी के विरूद्ध वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्सन एक्ट 1972 एवं भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत कार्यवाही की गयी है। बताया गया कि उक्त वाहन द्वारा सोन घडिय़ाल के प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत की अवैध उत्खनन कर समीपी गॉव भेलकी में डम्प करने की फिराक में था।