एन टीवी इंडिया न्यूज़ के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कोयला भंडारण में अनियमितता करने वाले लोगों की कड़ी जांच की जाए

0 176
Main Ad1

सीधी धर्मेंद : 13 नवम्बर को प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल द्वारा सीधी प्रवास के दौरान सभी विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। चार घंटे चली मैराथन बैठक में प्रभारी मंत्री ने प्रत्येक योजना की गहन समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन द्वारा सभी वर्गों के हितार्थ जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। पूरी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन करें तथा सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को सहजता से मिले। सभी खण्ड स्तरीय अधिकारी अपने मुख्यालय में रहेंगे। जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी अधिक से अधिक फील्ड भ्रमण करेंगे तथा वास्तविक हितग्राहियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करेंगे। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखेंगे। सभी शासकीय संस्थाओं का समय पर संचालन हो तथा नागरिकों को गुणवत्ता युक्त सेवाएं प्रदान की जाएं। बैठक में सांसद डॉ राजेश मिश्रा, विधायक सिहावल श्री विश्वामित्र पाठक, अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती मंजू सिंह, विधायक प्रतिनिधि विधानसभा क्षेत्र धौहनी, सीधी एवं चुरहट द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों तथा समस्याओं के बारे में अवगत कराते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल की पहुंच सुनिश्चित करना माननीय प्रधानमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना का पूरी निष्ठा और गंभीरता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करायें। हैण्डपंपो के संधारण के संबंध में गलत जानकारी प्रस्तुत करने पर प्रभारी मंत्री ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार प्रभारी मंत्री ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने तथा अपूर्ण जानकारी प्रस्तुत करने को गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग की धीमी प्रगति पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। गत सप्ताह जिला चिकित्सालय में नवजात की मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने आश्वस्त किया है कि दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाएगा। बैठक के बाद जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने मीडिया को बैठक में की गई समीक्षा के बिंदुओं की जानकारी दी इस दौरान एन टीवी इंडिया न्यूज़ ने सीधी जिले की रेत के खदान का अनुबंध ना होने और जिले में खनिज विभाग से कोयले के भंडारण की अनुमति लेकर व्यापार में अनियमितता किया जाने का सवाल उठाया गया जिस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस मामले में पूर्व की बैठक में ही निर्देश दिए गए थे कि कोयला भंडारण में अनियमितता करने वाले लोगों की कड़ी जांच की जाए और जहां भी गलतियां पाई है उन पर कठोर कार्रवाई की जाए।

News TOP Footer