मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : 28 सितम्बर को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कृषि आदान एवं सोयाबीन के उपार्जन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। कलेक्टर खाद के उठाव, भण्डारण और वितरण की कड़ी निगरानी रखें। खाद और बीज की गुणवत्ता की नियमित जाँच कराएं। खाद की कालाबाजारी तथा मिलावट करने वालों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही करें। कलेक्टर यह व्यवस्था सुनिश्चित करें कि किसानों को सरलता से खाद मिल सके। प्रभारी मंत्री अपने प्रभार के जिलों में खाद और बीज वितरण की नियमित समीक्षा करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोयाबीन के उपार्जन के लिए प्रदेश भर में 1400 से अधिक खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं। जहाँ आवश्यक हो वहाँ नए खरीदी केन्द्र कलेक्टर बना लें। खरीदी केन्द्रों के साथ किसान 20 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीयन भी करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि, दशहरा तथा दीपवली सहित कई त्यौहार आगामी महीनों में मनाए जाएंगे। त्यौहारों के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित प्रबंध करें। असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंत्रीगणों, सांसद तथा विधायकगणों से संवाद किया। कलेक्टर कार्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमान राज, अपर कलेक्टर राजेश शाही, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
