सुग्रीव ग्रामीण सद्भावना समिति,सुपेला ने किया शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन

सीधी धर्मेंद : 5 सितम्बर को प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुग्रीव ग्रामीण सद्भावना समिति,सुपेला द्वारा सिहावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहरी मे भारत के पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न,प्रख्यात शिक्षाविद व दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिन शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के करीब सैकड़ों शिक्षक सम्मिलित हुए । इन सभी को पुष्प माला,शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। शिक्षक सम्मान समारोह अपना विचार रखते हुए पूर्व मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा की भाजपा प्रदेश सरकार शिक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में हजारों शालाएं शिक्षक विहीन है, इस कारण शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है। इसके लिए प्रदेश सरकार दोषी है। सरकार षडयंत्र पूर्वक कार्य करके गरीबों के बच्चों को शिक्षा नहीं देना चाहती है, शासन ने प्रदेश की 36 हजार शालाओं को बंद कर दिया है। विधायक श्री पटेल ने शासन से मांग की है कि शिक्षक दिवस को मनाना प्रदेश में जब सार्थक होगा जब शिक्षकों की लंबित मांगों के साथ सेवानिवृत्ति के समय शिक्षकों को पेंशन एवं संपूर्ण ग्रेच्युटी का लाभ दिया जाए। श्री पटेल ने आगे कहा कि बिना गुरु के ज्ञान संभव नहीं है, गुरु हमारे भारतीय संस्कृति के पथ प्रदर्शक हैं । आज हम जो भी कुछ है एवं देश में जो उन्नति प्रगति है वह सब गुरुओं के दिए गए ज्ञान और उनके आशीर्वाद से ही संभव हुई है।
