सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल का पार्टी कार्यालय में हुआ शानदार अभिनंदन

सीधी धर्मेंद : मध्य प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल का पार्टी कार्यालय में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ राजेश मिश्रा और सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ शानदार अभिनंदन किया। पार्टी कार्यालय में प्रथम आगमन पर आयोजित अभिनंदन समारोह एवं जिला पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार कल्चर कांग्रेस की देन है। हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में एक-एक भ्रष्टाचारी को सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। कांग्रेस को आढे हाथो लेते हुए प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने सार्वजनिक सभा में स्वीकार किया था कि एक रूपए भेजने पर जनता तक 15 पैसे ही पहुंचाते हैं। कटाक्ष करते हुए प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि शेष 85 पैसे इन्हीं कांग्रेसियों के जेब में जाते रहे और कभी इन्होंन इसे रोकने की व्यवस्था नहीं की। सीधी जिले से बहुत बड़े-बड़े नेता हुए किंतु जिले को हमेशा विकास से वंचित रखने का षड्यंत्र रखा किया गया, जिसके कारण कांग्रेस के शासनकाल में सीधी का विकास अवरुद्ध हो गया था। किंतु भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही सीधी का विकास चारों ओर चकाचक सड़के, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज का निकट भविष्य में शुभारंभ, रेल परियोजना की अतिशीघ्र पूर्ति की ओर सहित विकास की अनेक संभावनाओं से सीधी की जनता का मनोबल बड़ा है। अन्नदाता का सम्मान भाजपा के राज्य में जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसान, युवा, महिला, मजदूर, दलित, शोषित, वंचित सभी का सम्मान केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी में है। अन्नदाता को हमने फसल बीमा के माध्यम से फसलों की सुरक्षा की वहीं दूसरी ओर किसानों को 0 प्रतिशत ब्याज पर ऋण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया जबकि कांग्रेस के राज्य में किसानों स से 12 से 16 प्रतिशत तक ब्याज वसूला जाता था। कांग्रेस के शासनकाल में बेटियों को बोझ समझा जाता था किंतु भारतीय जनता पार्टी की सरकार में बेटियां लाडली लक्ष्मी बनी, बहने लाडली बहना बनी। इसके साथ ही स्व सहायता समूह के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों बहनों को लखपति दीदी बनाया है। जिसके कारण बहने आत्मनिर्भर हुई जिससे उनका सम्मान बढा है। जिले के प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि मै अगले प्रवास में तीन दिनों के लिए सीधी आऊंगा जिसमें से एक रात किसी न किसी विधानसभा में गुजरेगी। जिसके माध्यम से हम जिले के सर्वांगीण विकास के लिए एक खाका तैयार करेंगे। जिसका उपस्थित जन समुदाय ने जोरदार तालिया की गड़गड़ाहट के साथ प्रभारी मंत्री जी का अभिनंदन किया।
