नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का तिरंगा लहरा रहा है कहा महामंत्री रणवीर सिंह ने

सीधी धर्मेंद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का तिरंगा लहरा रहा है। तिरंगा हमारी पहचान है और हर भारतवासी का गौरव है। इसे देखकर हर देशवासी के मन में राष्ट्रीयता की भावना जागृत हो जाती है। इसी दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर ’हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। पहले तिरंगा कुछ चुनिंदा लोगों की जागीर बना हुआ था, किंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगे को हर भारतीय के लिए सहज और सरल ढंग से शान के साथ उपलब्ध कराया। उक्त विचार भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश महामंत्री और रीवा संभाग के संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता और लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ राजेश मिश्रा, सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू राम जी सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे, कार्यक्रम प्रभारी अनिल पांडे, सह जिला मीडिया प्रभारी डॉक्टर मनीला सिंह चौहान की विशिष्ट उपस्थिति में उच्च विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश महामंत्री श्री रावत ने कहा कि लगभग एक सप्ताह का यह अभियान 11 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलेगा। हर घर तिरंगा अभियान में सरकार, समाज के साथ पार्टी संगठन की भूमिका होगी। समाज का हर वर्ग इस अभियान में सहभागिता करे, इसकी चिंता पार्टी कार्यकर्ता करेंगे।प्रदेश महामंत्री श्री रावत ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत तिरंगा यात्राओं और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ होगी। युवा मोर्चा द्वारा 11, 12 व 13 अगस्त को प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। 12, 13, 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों पर माल्यार्पण किया जाएगा।भाजपा प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह ने कहा कि सत्ता लोलुप एवं स्वार्थी नेताओं ने देश का विभाजन 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर किया। जिसकी स्मृति में इस अभियान के दौरान 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर कि शान तिरंगा होनी चाहिए। जब शान से हमारे घरों में तिरंगा लहराएगा, तो हमारे अंदर राष्ट्रभक्ति का जुनून पैदा होगा। जो नई पीढ़ी को नई प्रेरणा देगा, साथ में आजादी की कीमत भी जानेंगे। नई पीढ़ी उत्साह और उमंग के साथ तिरंगा अभियान में शामिल हो। सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की मंशा है कि हर भारतीय तिरंगा अपने घरों में शान के साथ फहराएं। उत्साह और अनुशासन के साथ अपने-अपने घरों में तिरंगा ध्वज लगाकर राष्ट्रभक्ति के त्योहार में रंग जाएं। भाजपा जिलाध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदेश के सभी 64123 बूथों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश स्तर से लेकर जिला और मंडल स्तर तक समितियों का गठन किया गया है। इसके साथ ही इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी तिरंगा अभियान के अंतर्गत विविध प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने वाली है। पत्रकार वार्ता के बाद भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के महामंत्री और रीवा संभाग के संभागीय संगठन प्रभारी मंत्री रणवीर सिंह रावत ने एंड टीवी इंडिया न्यूज़ के पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए तिरंगा यात्रा के तहत पूरे संभाग में निकल जाने वाली तिरंगा यात्रा के कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
