कमिश्नर ने गूगल मीट से राजस्व महाअभियान के संबंध में दिए निर्देश

सीधी धर्मेंद : रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने गूगल मीट से आयोजित बैठक में राजस्व अधिकारियों को राजस्व महाअभियान के संबंध में निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि राजस्व महाअभियान 31 अगस्त तक चलाया जाएगा। अभियान के लिए सभी कलेक्टर रणनीति तैयार कर लें। प्रत्येक गांव में बी-1 का वाचन अनिवार्य रूप से कराएं। बी-1 के वाचन के समय राजस्व निरीक्षक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अभियान के संबंध में सभी एसडीएम बैठक लेकर शासन के निर्देशों को पटवारियों को अवगत कराएं। अभियान के दौरान कलेक्टर, अपर कलेक्टर तथा एसडीएम राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। निरीक्षण के दौरान अभियान के लिए निर्धारित सभी बिन्दुओं पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। अभियान में श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। राजस्व महाअभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। प्रत्येक गांव में दीवार लेखन के माध्यम से शिविर की तिथियों की जानकारी दें। सभी जनप्रतिनिधियों को भी अभियान की पूरी जानकारी दें। कमिश्नर ने अधिकारियों को त्यौहारों के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा अथवा अन्य योजना से शांति धाम निर्माण के निर्देश दिए। सीधी एनआईसी कक्ष से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही सहित संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे। अन्य राजस्व अधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
