अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

सीधी धर्मेंद : छत्रसाल स्टेडियम सहित जिले के विभिन्न स्थानों में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन छत्रसाल स्टेडियम सीधी में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य तथा विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री राहुल धोटे सहित अन्य अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में युवाओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी अपनी भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा योग कराया गया तथा योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवन में योग अनिवार्यता के संबंध में बताया गया। कार्यक्रम में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास भोपाल में आयोजित ‘‘राज्य स्तरीय योगाभ्यास‘‘ कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन दिखाया एवं सुनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा ‘‘श्रीअन्न संवर्धन अभियान‘‘ का शुभारंभ किया गया। सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि योग के माध्यम से निरोग रहने के लिए हमारी शारीरिक दक्षता के साथ आहार का भी महत्व है। शरीर के स्वस्थ रहने के लिए अगर कोई रामबाण है तो वह है योग। अगर हम निरंतर योग करें तो शरीर निरोगी रहता है और बुद्धि प्रखर होती है। विधायक सीधी श्रीमती पाठक ने कहा कि आज हम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। योग शरीर को निरोग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग को अपनाकर अपने शरीर को स्वस्थ रखें। योग सिर्फ एक योगाभ्यास ही नहीं है बल्कि एक जीवन पद्धति भी है। आप सभी जिलेवासियों को योग दिवस की हार्दिक शुभकामनायें। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, अपर कलेक्टर राजेश शाही, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम गोपद बनास नीलेश शर्मा सहित गणमान्य नागरिकों देवकुमार सिंह चैहान, के के तिवारी, जनप्रतिनिधियों, बड़ी संख्या में युवाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया।
