जनसुनवाई में 151 आवेदकों की समस्याएं सुनी बताया कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने

सीधी धर्मेंद : लोकसभा निर्वाचन 2024 के निर्वाचन हेतु आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के कारण जनसुनवाई कार्यक्रम स्थगित की गई थी, आचार संहिता की अवधि समाप्त होने पर फिर से नागरिकों के समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये शासन के निर्देशानुसार जनसुनवाई में प्रारंभ की गई। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा जिले के विभिन्न अंचलों से आए 151 आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई तथा उसके निराकरण के लिए निर्देश दिए गए। अनिराकृत आवेदनों के लिये समय-सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई में ग्राम नौगवांधीरसिंह तहसील गोपद बनास से आई जियावन भुजवा ने अपने आवेदन पत्र के माध्यम से बताया कि उनके पति हरिवंश भुजवा जो काफी वृद्ध हो जाने के कारण उन्हें उठने बैठने और इधर-उधर जाने में काफी समस्या होती है। ऐसे ही जनसुनवाई में तहसील गोपद बनास ग्राम बघवारी से आये दिव्यांग समयलाल प्रजापति ने कलेक्टर को बताया कि जन्म से ही पैर से विकलांग हो जाने के कारण वे चलने में असक्षम है। उक्त दोनों आवेदकों की शारीरिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री सोमवंशी ने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा उन्हें सहायक उपकरण प्रदान कराए। जनसुनवाई में समस्याओं के त्वरित निराकरण होने से आवेदक बहुत खुश और संतुष्ट दिखे। उन्होंने बताया कि उन्हें प्रत्येक माह 6 सौ रुपए सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त हो रही है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेश शाही सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। आज आयोजित जनसुनवाई में समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े रहे। जनसुनवाई के बाद जिले के कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने एन टीवी इंडिया न्यूज़ को जनसुनवाई में आए प्रकरणों और उनके निराकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि आने वाले समय में हम और बेहतर तरीके से जन समस्याओं का निराकरण करेंगे।
