जनसुनवाई में कलेक्टर साकेत मालवीय ने 121 आवेदकों की समस्याओं को सुना

सीधी धर्मेंद : 13 फरवरी को जनसुनवाई में कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा जिले के विभिन्न अंचलों से आए 121 आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई तथा उसके निराकरण के लिए निर्देश दिए गए। अनिराकृत आवेदनों के लिये समय-सीमा निर्धारित करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि जिन आवेदन पत्रों में समय सीमा निर्धारित की गई है उसको विभाग प्रमुख तत्काल अपने संज्ञान में लेकर निराकरण कर संबंधित आवेदन कर्ता को सूचित करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख अपने कार्यालय में जनसुनवाई के रजिस्टर संधारित कर उसमेें सप्ताहवार शिकायती आवेदन पत्रों की स्थिति दर्ज करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, अपर कलेक्टर राजेश शाही, एसडीएम गोपद बनास नीलेश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सिहावल के ग्राम पंचायत डोल से आये बैगा परिवारों ने जनसुनवाई में कलेक्टर से बताया कि बैगा परिवार में कुल 22 आवास स्वीकृत हुए हैं। आवास निर्माण कार्य करने हेतु सामग्री ले जाने के लिए रामचन्द्र पनिका पिता राममिलन पनिका द्वारा रास्ता रोक दिया गया है जबकि कच्ची सड़क बनी हुई है एवं खसरे मे कच्चा रास्ता दर्ज है। इस पर कलेक्टर श्री मालवीय द्वारा तहसीलदार को निर्देश देते हुए तत्काल कार्यवाही कर रास्ता खुलवाया गया। त्वरित कार्यवाही से बैगा परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
