मुख्यमंत्री शिवराज ने लाड़ली बहना आवास योजना का किया शुभारंभ

सीधी धर्मेंद : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में लाड़ली बहना आवास योजना का शुभारंभ किया। सभी जिलों में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। सीधी एनआईसी केन्द्र से विधायक सीधी श्री केदारनाथ शुक्ल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीराबाई सिंह, श्रीमती सरस्वती बहेलिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राहुल धोटे एवं लाड़ली बहना योजना की हितग्राही वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में मुख्यमंत्री श्री चैहान ने लाड़ली बहना आवास योजना की हितग्राही ममता तथा गैस कनेक्शन की हितग्राही शर्मिला बाई के फार्म स्वयं भरे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का जीवन बेहतर करना मेरे जीवन का उद्देश्य है। मैं बहनों के जीवन की तकलीफ दूर करके उनके जीवन में खुशहाली लाऊंगा। आज भगवान विश्वकर्मा की जयंती और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है। इस शुभ दिन लाड़ली बहनों के लिए आवास योजना का शुभारंभ किया जा रहा है। विधायक श्री शुक्ल ने इस योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी पात्र हितग्राहियों के आवेदन भरा लें जिससे कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे।
