4 सितंबर से चुरहट में शुरू होगा फुटबाल महाकुंभ, राहुल भईया फैंस क्लब का आयोजन

सीधी धर्मेंद : आगामी 4 सितंबर से मोहनी देवी स्मृति स्टेडियम चुरहट में अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस फुटबॉल खेल महाकुंभ का समापन आगामी 9 सितंबर को होगा। फुटबॉल सीधी जिले का लोकप्रिय खेल रहा है। जिले में कई बड़े राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल प्रतिस्पर्धाएं हो चुकी हैं। जिसमें पालिका इनविटेशन फुटबॉल टूर्नामेंट काफी लोकप्रिय हुआ था। चुरहट में भी एक मर्तबा शिवम क्लब के तत्वाधान में अखिल भारतीय फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा चुका है। फुटबॉल खेल की लोकप्रियता को देखते हुए चुरहट के उत्साही समाजसेवियों ने यह आयोजन किया है। मुख्य रूप से इस टूर्नामेंट का आयोजन राहुल भईया फैंस क्लब के तत्वाधान में किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में देश भर के छह राज्यों की नामी फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। जिसमे मुख्य रूप से उत्तरांचल, उड़ीसा, पंजाब, केरल, मुंबई तथा झारखंड की फुटबॉल टीम शामिल है। सभी मैच लीग पद्धति से खेले जाएंगे। पूल ए तथा पूल भी में क्रमशः 3-3 टीमों को रखा गया। दोनों पूलों के विजेता दो टॉप टीमों के मध्य सेमीफाइनल मैच 8 सितंबर को खेला जाएगा। दोनों पूलों के विजेता टीम के मध्य फाइनल मैच आगामी 9 सितंबर को होगा। टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी सोमेश्वर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि टूर्नामेंट के सुचार संचालन के लिए एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। जिसमें विभिन्न स्तर की कमेटियां बनाई गई हैं। ताकि टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, कोच, रेफरी, खेल प्रेमी दर्शकों को किसी भी प्रकार से असुविधा न हो। फुटबॉल टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए राहुल भईया फैंस क्लब के द्वारा सभी नागरिकों , खेल प्रेमियों से सहयोग की अपील की गई है।
